पैर पखराई सहित वैवाहिक कार्यक्रम रविवार को
झांसी। लक्ष्मी गेट स्थित प्राचीन महाकाली विद्यापीठ मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में शनिवार को भक्तों के बीच पारंपरिक “हल्दी” कार्यक्रम श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव एवं माता महाकाली का विधिवत पूजन-अर्चन किया। मंदिर परिसर को भव्य एवं आकर्षक रूप से सजाया गया था। महिलाओं ने मंगल गीतों के साथ हल्दी की रस्म निभाई तथा एक-दूसरे को हल्दी लगाकर सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मंदिर के पुजारी अजय त्रिवेदी ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार यहां शिवरात्रि पर्व पर मंदिर परिसर में शनिवार को हल्दी कार्यक्रम एवं रविवार को पैर पखराई का कार्यक्रम होगा । इस अवसर पर विशेष रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार शिव बारात नहीं निकाली जा रही है। इसके अलावा सभी वैवाहिक कार्यक्रम होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति द्वारा समुचित व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं। इस अवसर पर श्रीराम राय ने सपरिवार ने बढ़ चढ़ कर धार्मिक कार्यक्रम व भोजन प्रसादी वितरण व्यवस्था में हिस्सा लिया।














