झांसी। जनपद के थाना बबीना की पुलिस चौकी बीएचईएल के प्रभारी उप निरीक्षक सोमेश कुमार द्वारा आरपीएफ स्टेशन पोस्ट को सूचना दी गई कि उनकी चौकी क्षेत्र से 15 वर्षीय किशोरी घर से गायब हो गई। इस मामले में चौकी पर धारा 363,366 के तहत मामला दर्ज किया गया है। छानबीन में लड़की की करंट लोकेशन  दतिया स्टेशन पर पाई जा रही है। इस सूचना पर आरपीएफ चौकी दतिया की टीम द्वारा दतिया स्टेशन पर किशोरी की खोज शुरू कर दी। इसी क्रम में पर दतिया स्टेशन प्लेटफार्म नं.2  पर पुल के पास 15 वर्षीय लड़की एवं 18 वर्षीय लड़का संदिग्ध हालात में बैठे मिले। पूछने पर दोनों ने अपने नाम व पते बताए। दोनों ने बताया कि वह भेल चौकी क्षेत्र के रहने वाले हैं और वह दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं। दोनों अपने अपने घर से बिना बताए भाग कर दतिया घूमने आए थे। दोनों के दतिया स्टेशन पर पकड़े जाने की सूचना मिलने पर मौके पर भेल पुलिस चौकी के प्रभारी उप निरीक्षक सोमेश कुमार हमराह स्टाफ के साथ पहुंचे। उन्होंने पकड़े गए लड़का लड़की को पहचाना। इसके बाद आरपीएफ एएसआई सुंदरलाल द्वारा उपरोक्त दोनों को चौकी प्रभारी भेल झांसी को सुपुर्द किया गया।