– हत्थे चढ़े सह आरोपी ने महिला श्रमिक की हत्या का राज खोला, मुख्य आरोपी की तलाश
झांसी। जिले के सीपरी बाजार थानान्तर्गत सूर्यपुरम कालौनी में 6 अगस्त 2021 को लगभग 35 वर्षीय श्रमिक महिला की गला दबाकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर दी। जबकि दूसरा अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा है। पकड़े गये आरोपी ने मृतका के प्रेमी के साथ मिलकर सबक सिखाने के लिए हत्या की घटना को अंजाम दिया था।
दरअसल, 6 अगस्त को सीपरी बाजार थानान्तर्गत सूर्यपुरम कालौनी में किराए से रहने वाली लगभग 35 वर्षीय क्रांति उर्फ सुखदेवी की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। मृतका के पति गनेश राजपूत ने अज्ञात लोगों के खिलाफ सीपरी बाजार थाने में मामला दर्ज कराया था। एसएसपी शिव हरि मीणा ने बताया कि
मामला दर्ज होने के बाद सीपरी पुलिस ने हत्यारोपी की तलाश शुरु कर दी। जांच में जुटे प्रभारी निरीक्षक एके सिंह चौहान को अवैध संबंधों के चलते हत्या के बारे में जानकारी मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस को सुराग़ हाथ लगे। पुलिस टीम ने पहुज नदी के पास से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया तो क्रांति हत्या काण्ड से पर्दा उठ गया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति  ने अपना नाम सुखलाल निवासी खातीबाबा खोड़न थाना प्रेमनगर बताया और हत्या की कहानी सुनाई।
 एसएसपी श्री मीना ने बताया कि मृतका ने अपने पति गनेश राजपूत और बच्चों को छोड़ दिया था। इसके पीछे अपने साथी श्रमिक मूलचन्द्र निवासी   रजपुरा ओरछा मप्र से अवैध संबंध थे। क्रांति अपने प्रेमी मूलचन्द्र के साथ सूर्यपुरम में किराए के मकान में रहने लगी थी। दोनों मजदूरी करते और शराब भी पीते थे। मूलचंद का दोस्त होने के नाते सुखलाल का भी क्रांति के घर आना जाना हो गया था। उसने बताया कि मृतका मजदूरी से जो कमाती उसका बड़ा हिस्सा अपने पहले पति के साथ रह रहे बच्चों को भेजती थी। जिसको लेकर मृतका और मूलचन्द्र के बीच अक्सर झगड़ा होता था। घटना वाले दिन भी मृतका के साथ दोनों ने शराब पी। जब मूलचन्द्र ने उससे खाना बनाने को कहा तो उसने मना कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान मूलचन्द्र ने गमछे से क्रांति का गला घोंट दिया। जिससे उसकी मौत हो गयी। इसमें सुखलाल ने भी मूलचन्द्र का सहयोग किया।इसके बाद दोनों शव को कमरे में छोड़ कर मौके से भाग गए थे। अब पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी मूलचंद की तलाश की जा रही है।