झांसी। यूएमआरकेएस की डीजल शाखा के उपाध्यक्ष राजबहादुर यादव व मनोज यादव द्वारा एनसीआरईएस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ के मंडल सचिव अनिल कुमार शुक्ला ने एक सूचना जारी की है।
उन्होंने आधिकारिक सूचना के माध्यम से यह समस्त पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सदस्यों को सूचित किया है कि मनोज यादव एवं उनके सहयोगी राजबहादुर यादव को वर्ष 2025 की संगठन की सदस्यता राशि के गबन के आरोप में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ की मंडलीय कार्यसमिति की विधिवत बैठक में विचार-विमर्श उपरांत सर्वसम्मति से निर्णय लेकर संघ की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि यह निर्णय लगभग तीन माह पूर्व मंडलीय कार्यसमिति की बैठक में पारित किया गया था। अतः स्पष्ट किया जाता है कि वर्तमान में मनोज यादव एवं राजबहादुर यादव का संघ की किसी भी गतिविधि, बैठक या निर्णय से कोई संबंध नहीं है और वे संघ के अधिकृत प्रतिनिधि नहीं हैं।
उन्होंने सभी सदस्यों से अपेक्षा की है कि वे इस संबंध में किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें तथा संघ की अधिकृत जानकारी पर ही विश्वास करें।














