अभियुक्त के कब्जे से 01 अदद टाप्स व घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद
झांसी। थाना सीपरी बाजार क्षेत्र अंतर्गत बौद्ध नगर, मसीहागंज, वार्ड-16 से 12 फरवरी को वृद्ध दादी के पैर छूकर सोने का टाप्स लेकर रफूचक्कर टप्पेबाज को आज़ पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से दादी का टाप्स व घटनाक्रम में प्रयुक्त बाइक को बरामद कर लिया।
दरअसल, 12 फरवरी को सुबह लगभग 10 बजे दिनेश कुमार वर्मा पुत्र रामबाबू निवासी बौद्ध नगर, मसीहागंज, वार्ड-16, सीपरी बाजार, झाँसी की दादी रनिया देवी (70 वर्ष) घर से बाहर कूड़ा (डायपर) फेंकने गई थी। घर से थोड़ी दूर चलने के बाद एक व्यक्ति बिना नम्बर प्लेट की मोटर साइकिल से आकर रनिया देवी के पैर छूकर बोला कि बुआ कहाँ जा रही हो मेरी मम्मी आपका आगे इंतजार कर रही है फिर बोला कि बुआ तुम्हारे कुंडल अच्छे लग रहे है, हमें अपनी मम्मी के लिए बनवाना है मुझे एक कुंडल देदो इसी डिजाइन का बनवाऊंगा।
उस व्यक्ति ने अपनी मोटर साइकिल रोड किनारे खड़ी कर दी और रनिया देवी ने उस व्यक्ति को एक कुंडल दे दिया । इसके बाद वह अपनी गाड़ी पर दादी को बैठकर ले जाने लगा तो मोहल्ले वालों के टोकने पर दादी को मोटर साइकिल से उतार कर भाग गया। इस मामले में अज्ञात टप्पेबाज के खिलाफ धारा 303(2)/318 (4) बी0एन0एस0अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना के अनावरण हेतु गठित पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर राजघाट कालोनी पुलिया के पास थाना-सीपरी बाजार से अभियुक्त विजय कुमार अहिरवार पुत्र स्व० रघुनाथ उम्र करीब 48 वर्ष निवासी कुम्हर्रा थाना ओरछा, जिला निवाड़ी, म०प्र० को गिरफ्तार कर उसके पास से दादी से टप्पेबाजी किये गये 01 अदद टाप्स पीली धातु व घटना में प्रयुक्त मोटर साईकिल बरामद कर ली। अभियोग में धारा 317 (2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 साजेश कुमार सिंह, चौकी प्रभारी मसीहागंज, का0 105 मुकेश सिंह, शिवम शुक्ला शामिल रहे।














