झांसी स्टेशन पर खानपान सेवाओं में गड़बड़ी पर हुई कार्रवाई
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (कैटरिंग एवं पैसेंजर सर्विसेज), प्रयागराज मनोज कुमार सिंह द्वारा आज वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में फ़ूड प्लाज़ा, जन आहार, वीआईपी लाउंज, सुलभ शौचालय, टीटीई लॉबी तथा विभिन्न वेंडिंग स्टॉलों का अवलोकन करते हुए वहां उपलब्ध यात्री सुविधाओं एवं खानपान सेवाओं की गुणवत्ता की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्टॉल संचालकों को यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य स्टेशन पर कैटरिंग सेवाओं एवं यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन करना था। इस क्रम में खानपान इकाइयों की स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्टॉल संचालन की व्यवस्था तथा यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का समग्र निरीक्षण किया गया। उन्होंने यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं यात्री-हितैषी बनाने पर विशेष बल दिया। इसी के क्रम में श्री सिंह द्वारा आईआरसीटीसी द्वारा संचालित बेस किचिन (मै आर.के. एसोसिएट्स एंड होटलियर्स )का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया |
निरीक्षण के दौरान जहां-जहां व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुरूप नहीं पाई गईं, वहां संबंधित इकाइयों पर रेलवे नियमों के अनुसार अर्थदण्ड लगाने की कार्यवाही भी सुनिश्चित की गई तथा भविष्य में मानकों का कड़ाई से अनुपालन करने के निर्देश दिए गए। श्री मनोज कुमार सिंह ने सभी व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं यात्री-हितैषी बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि स्टेशन परिसर में स्वच्छता, सेवा गुणवत्ता तथा यात्री सुविधाओं के मानकों का सतत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से सेवाओं में निरंतर सुधार किया जाए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक / कोचिंग अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नीरज भटनागर (फ्रेट ), स्टेशन निदेशक सीमा तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे |












