साक्षी महाराज बोले अखिलेश ने कर दी ऐतिहासिक भूल

झांसी। झांसी के मुक्ताकाशी मंच पर संत स्वामी ब्राह्मानंद निर्वाण दिवस एवं पंचायत प्रतिनिधि सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा के सांसद साक्षी महाराज ने मंच से विपक्षियों पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने जहां अखिलेश यादव को स्व. कल्याण सिंह को श्रृद्धांजलि के लिए न जाने पर आड़े हाथों लिया वहीं बसपा और कांग्रेस नेताओं के राममंदिर जाने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इतना बड़ा परिवर्तन कर दिया कि जो कभी मंदिर नहीं जाते थे आज तिलक लगाकर मंदिर-मंदिर घूम रहे हैं।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह जातिवाद के बहकावे में न आएं। 2022 में भाजपा की सरकार फिर बनेगी। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि पहले धर्म परिवर्तन होते थे। मोदी ने तो कमाल ही कर दिया, जो कहता था कि मैं कभी मंदिर नहीं जाऊंगा, वह दुपट्टा ओढ़कर, मस्तक पर तिलक लगा कर और गले में माला डालकर घूम रहा है। राहुल इसी मुद्रा में दिखाई दे रहे हैं, प्रियंका इसी मुद्रा में दिखाई दे रही हैं। आने दो समय, आगे-आगे देखिए होता है क्या। यह मोदी जी का भारत है. यह सरदार पटेल, सुभाष चन्द्र बोस, चंद्रशेखर आजाद के सपनों का भारत है। एक दिन तो ऐसा था कि साक्षी महाराज के अलावा हिंदुत्व पर बोलने वाला कोई नहीं था।

इस दौरान साक्षी महाराज ने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि दुर्भाग्य है अखिलेश यादव, आप चूक गए। आपसे एतिहासिक भूल हो गई। उनके घर से कल्याण सिंह के घर की दूरी एक किलोमीटर थी। इसके बाद भी आप फूल नहीं चढ़ाने गए। उनकी इस भूल ने बाबूजी को चाहने वाले लाखों लोगों के दिलों को दुखाया है। क्या आपको एक जाति विशेष का वोट चाहिए। एक सम्प्रदाय विशेष का वोट चाहिए, आपको हिंदू का वोट नहीं चाहिए। आपको रामभक्त का वोट नहीं चाहिए। यह ज़वाब आपको 22 के विधानसभा और 24 के लोकसभा चुनावों में देना होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री वीरेंद्र खटीक, सांसद अनुराग शर्मा, प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री मन्नू कोरी, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हरगोविंद कुशवाहा, गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष ग्रामीण जमुना कुशवाहा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

बसपा खिसियानी बिल्ली
बसपा द्वारा प्रबुद्ध सम्मेलन करने के सवाल पर साक्षी महाराज ने कहा खिसियानी बिल्ली खम्भा नोंच रही है। वहीं प्रियंका गांधी की प्रदेश में सक्रियता के सवाल पर कहा कि उनके पास अब कुछ नहीं बचा है, इसलिए बात करना ठीक नहीं।