झांसी। साइबर अपराध थाना झांसी पुलिस ने दो ऐसे जालसाजों को गिरफ्तार किया है जिन्होंने दोस्ती में दगा कर दोस्त को ही चूना लगा दिया। जालसाजों ने एक युवक से पहले दोस्ती की। इसके बाद उसके मोबाइल से सिम चोरी कर ली। जब तक पीड़ित को इसकी जानकारी होती उसके खाते से एक लाख से अधिक रुपए निकाल चुके थे। पकड़े गये दो साइबर अपराधियों के पास से मोबाइल और नकदी बरामद की गई है।
दरअसल, आदित्य प्रताप सिंह ने 4 सितम्बर को साइबर अपराध थाने में शिकायत करते हुए बताया था कि उसके खाते से अज्ञात लोगों ने 1 लाख 2 हजार रुपए निकाल लिए हैं। जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद एसएसपी शिवहरि मीना के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर/नोडल अधिकारी विवेक त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में मामले की छानबीन शुरु की गई। जिसमें दो लोगों के नाम उजागर हुए। जिन्हें पुलिस ने भोजला हाईवे ब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को थाने लाया गया। जहां उन्होंने पूछतांछ में अपना नाम छोटू उर्फ राकेश यादव निवासी गोविंद धर्मशाला दतिया और प्रदीप यादव निवासी नरगढ़ थाना उनाव दतिया मप्र बताया।
क्षेत्राधिकारी क्राइम ने जानकारी देते बताया कि दोनों युवकों ने महंगे शौक पूरा करने के लिए साइबर क्राइम का रास्ता चुना। उन्होंने झांसी में रहने वाले आदित्य प्रताप सिंह से पहले दोस्ती की। दोस्ती जब गहरी हो गई तो उन्होंने धोखे से आदित्य के मोबाइल से सिम चोरी कर ली और दूसरी सिम डाल दी। इसके बाद छोटू यादव ने आदित्य के खाते से 1 लाख 2 हजार रुपए निकाल लिए। साइबर थाना पुलिस ने दोनों के पास से तलाशी के दौरान 5 मोबाइल, 5 सिमकार्ड और 2150 रुपए बरामद कर लिए।