– हत्या कर लाश को लटकाने की संभावना

झांसी। जनपद के थाना प्रेम नगर क्षेत्र अंतर्गत हंसारी के सूनसान क्षेत्र में उस समय दहशत फैल गयी जब लोगों ने एक युवक की लाश पेड़ पर लटकी देखी। मृतक बुधवार शाम से गायब था।
बताया गया है कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र के श्रीनगर हंसारी निवासी विजय कुशवाहा मिठाई की दुकान पर काम करता था। बुधवार को शाम लगभग 7.30 बजे वह अपनी बाइक से मिठाई की दुकान से निकला फिर वापस घर नहीं पहुँचा। देर रात तक घर न पहुँचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला। गुरुवार को सुबह घूमने निकले लोगों ने हंसारी -श्रीनगर मार्ग पर पेड़ पर लटकी विजय कुशवाहा की लाश देखी। बताया गया कि युवक के गले में फंदा कसा था और हाथ-पैर बंधे थे एवं उसकी बाइक भी घटनास्थल के पास ही पड़ी थी।

घटना स्थल की स्थिति से स्पष्ट है कि विजय की हत्या कर फंदे पर लटकाया गया है। हत्यारे कौन है और हत्या के पीछे क्या कारण रहे स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। मृतक के परिजन भी हत्या का आरोप लगा रहे हैं। हकीकत क्या है, यह पुलिस जांच में ही सामने आ सकेगा। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त है।