झांसी। जनपद में थाना चिरगांव क्षेत्र अंतर्गत विद्युत सब स्टेशन के कैंपस में विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने गृह कलह से तंग आकर घर के अंदर खुदकुशी कर ली।

चिरगांव के विद्युत सब स्टेशन के कैंपस में सौरभ कुशवाहा (27) अपने परिवार के साथ रहता था। शराब की लत ने उसे कर्ज में डूबा दिया था। इस कारण उसका आए दिन पत्नी से विवाद भी होता था । रविवार की रात जब वह शराब के नशे में घर आया तो उसका पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह करीब आठ बजे पत्नी ने देखा कि उसके कमरे का पंखा नहीं चल रहा है और गेट बंद है। उसने खिड़की खोलकर देखा तो पति का शव पंखे से लटक रहा था। यह देखकर उसने शोर मचा दिया। इस पर  मोहल्ले के लोग व पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बात की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि सौरभ की शादी करीब छह वर्ष पूर्व हुई थी। उसके दो छोटे बच्चे भी हैं।     इसी प्रकार रक्सा के पलींदा गांव में एक विवाहिता रानी ने पति की बीमारी से परेशान होकर फांसी लगाकर जान दे दी। मौके से जो सुसाइड नोट बरामद किया है उसमें रानी ने अपने पति के लिए लिखा है…अब शराब मत पीना। दूसरी लाइन में उसने बच्चों के लिए लिखा है कि बच्चे अपनी सौतेली मां को नहीं चाहते। पुलिस का कहना है कि रानी भूपत राजपूत की दूसरी पत्नी थी। पहली पत्नी की पिछले साल मौत हो गई थी।
थाना रक्सा के पलींदा गांव के पठलापुरा निवासी भूपत राजपूत पेट की गंभीर बीमारी से परेशान था। पिछले दिनों उसे फिर तेज दर्द उठा। इलाज के लिए वह शनिवार को ही झांसी आ गया था। घर में उसकी पत्नी रानी (32) अकेली थी। दोनों की शादी पिछले वर्ष ही हुई थी। भूपत की पहली पत्नी से दो बच्चे मुस्कान (15) और शिवा (12) हैं। पहली पत्नी की मौत के बाद भूपत ने रानी से दूसरी शादी की थी। दोनों बच्चे बगल के कमरे में सो रहे थे। सोमवार की सुबह जब रानी बहुत देर तक नहीं उठी तब लोगों ने उसका कमरा खटखटाया। जवाब न मिलने पर ऊपर लगे रोशनदान से अंदर देखा तब रानी फांसी के फंदे पर लटकी दिखाई पड़ी। यह देखकर परिजनों की चीख निकल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। कमरे के दरवाजे को तोड़कर शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने कमरे से सुसाइड नोट भी बरामद किया। सुसाइड नोट में उसने लिखा कि बच्चे अपनी सौतेली मां को नहीं चाहते। पति भी बीमारी से परेशान है। इन्हीं सब वजहों से वह आत्महत्या कर रही है। उसने अपनी दीदी से माफी मांगते हुए पति से शराब न पीने की बात कही। उसने लिखा दुख सहते-सहते थक गई। इस वजह से आत्महत्या कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।