झांसी। भाजपा किसान मोर्चा के कानपुर-बुन्देलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष बालमुकुंद शुक्ला ने दावा किया कि कई माह से चल रहा कथित किसानों का आंदोलन राजनीति से प्रेरित है, आंदोलनकारी बात करना नहीं चाहते जबकि सरकार उन्हें बार-बार बात की पेशकश कर रही है। उन्होंने बताया कि भाजपा किसान हितैषी है। केन्द्र व प्रदेश सरकार लगातार किसान हितों में कार्य कर रहीं हैं।

शुक्रवार को आयोजित किसान मोर्चा के क्षेत्रीय सम्मेलन में भाग लेने आए मोर्चा के कानपुर बुन्देलखण्ड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष शुक्ला यहां झांसी के भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने सम्मेलन के उद्देश्य, कार्यक्रम व अतिथियों आदि की विस्तार से जानकारी दी। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि विपक्षी दल केन्द्र व प्रदेश सरकार की लोकप्रियता से घबरा कर हैरान व परेशान हैं। इसी के चलते अनावश्यक रूप से सरकार को हर मामले में कठघरे में खड़ा करते हैं, किंतु उनके मंसूबों पर 22 के चुनाव पानी फेर देंगे। उन्होंने बताया कि केन्द्र व प्रदेश सरकार लगातार किसान हितों में कार्य कर रहीं हैं। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने हमेशा से ही किसान हितों को सर्वाेपरि रखा है। योगी सरकार ने न केवल पराली जलाने को लेकर, किसानों के ऊपर दर्ज हुये छह हजार से अधिक मामले वापस लिये हैं बल्कि किसानों के सिंचाई के बिलों पर सरचार्ज भी माफ किये हैं। उन्होंने बताया कि छुट्टा जानवरों से किसानों की फसल को सुरक्षित करने के लिए योगी सरकार ने प्रदेश में 5600 से अधिक गौशालाओं का निर्माण करवाया है। जिसके चलते छुट्टा जानवरों की समस्याओं में भारी कमी आयी है।

उन्होंने बताया कि भाजपा की केन्द्र सरकार द्वारा किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाये गये थे जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आये हैं। वर्तमान में केन्द्र सरकार का प्रयास है कि 2024 तक किसानों की आय को ढाई गुना किया जायेगा। किसानों एवं अन्य सभी नागरिकों को भरपूर बिजली मिल रही है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि विपक्षी दल किसान आंदोलन की आड़ में लोगों को भ्रमित करने का कार्य कर रहे हैं। किसान आंदोलन विपक्षी दलों द्वारा पूर्ण रूप से प्रायोजित है। बुन्देलखण्ड में किसान आंदोलन की हवा निकल गयी है। बुन्देलखण्ड का किसान अमन चैन पसन्द किसान है जो किसी के बहकावे में नहीं आने वाला है ।

इस दौरान किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष आशीष उपाध्याय, भाजपा जिला महामंत्री छत्रपाल सिंह राजपूत, किसान मोर्चा जिला झाँसी ग्रामीण के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह कंसाना, किसान मोर्चा महानगर के अध्यक्ष उमाशंकर राजपूत, इंजी. रीतेश मिश्रा, ्शैलेन्द्र सिंह परमार, प्रतिपाल सिंह घोष, दिलीप शिवहरे, कृष्णचन्द्र तिवारी, संजीव राजपूत, सोनू पटसारिया, अखिलेश बाजपेयी, संजय राजपूत आदि उपस्थित रहे ।