– 18 को भारी लाव-लश्कर के साथ प्रवेश करेगी यात्रा

झांसी। उत्तर प्रदेश में नई क्रान्ति लाने के लिए विधानसभा चुनाव के पूर्व प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के नेतृत्व में समाजवादी सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा विशाल काफिले के साथ आगामी 18 अक्टूबर को झांसी की सीमा में प्रवेश करेगी। झांसी में एक दिन प्रवास के बाद यात्रा अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना हो जाएगी।

इस यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए यात्रा के प्रभारी जेपी यादव, झांसी जिलाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र सिंह यादव तथा प्रदेश महासचिव दीपमाला कुशवाहा ने यहां पत्रकारों को बताया कि मथुरा से यह रथयात्रा 12 अक्टूबर को प्रारंभ होगी। रथ यात्रा का उद्देश्य प्रदेश की मौजूदा सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर कर लोगों तक प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की नीतियां पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में समाज का प्रत्येक वर्ग बुरी तरह से उत्पीड़ित तथा शोषित है, महंगाई चरम सीमा पर है, नौजवान नौकरी के लिए भटक रहा है, प्रदेश की महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने बताया कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के विचारों पर आधारित राजनीतिक दल है। पार्टी का दृष्टिकोण है कि समाज के सभी वर्गों को समान रूप से अधिकार मिलना चाहिए। संविधान में निहित प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक नागरिक को अपने मौलिक अधिकार पाने का हक है। उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर को झांसी आने पर जिले की सीमा पूछ में रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। विभिन्न स्थानों से होती हुई यह रथ यात्रा सर्किट हाउस पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन 19 अक्टूबर को मऊरानीपुर के लिए रवाना होगी। रथ यात्रा का नेतृत्व स्वयं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव कर रहे हैं। रथ यात्रा के स्वागत की व्यापक तैयारियां की गई हैं और इसके लिए अलग-अलग स्थानों के लिए अलग-अलग स्वागत समिति गठित कर दी गई है।

प्रदेश में 403 सीटों पर चुनाव लड़ाने की तैयारी

एक सवाल के जवाब में पार्टी के जिलाध्यक्ष ने बताया कि आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। जल्द ही पार्टी हाईकमान के निर्देश पर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। रैली प्रभारी ने स्पष्ट किया कि सपा से गठबंधन के प्रयासों के फलीभूत नहीं होने के कारण प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का अस्तित्व बचाने की जरूरत महसूस की गई है। इसी क्रम में यह यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पार्टी 403 सीटों पर चुनाव लड़ाने की तैयारी में है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ने नवनियुक्त नगर अध्यक्ष हाजी मोहम्मद कदीर का परिचय दिया। वार्ता में दीपेंद्र सिंह यादव, रैली के सह प्रभारी धीरेंद्र सिंह सनी यादव, प्रमोद यादव, पूर्व प्रधान अनिल दाऊ, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उदय भान बंशकार, प्रदेश महासचिव छात्र सभा पुष्पेंद्र सिंह यादव, नगर अध्यक्ष छात्र सभा शिवम यादव, जिला अध्यक्ष सुबोध कांत, महिला सभा की जिलाध्यक्ष ममता यादव, नगर अध्यक्ष अंजलि दत्ता, पूनम दिनकर, कविता सिंह, रीता सिंह, प्रिया सिंह, लोकेंद्र सिंह, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष अब्दुल रज्जाक, जिला अध्यक्ष वसीम अकरम, व्यापार सभा के शैलेंद्र जैन, लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव स्वदेश यादव, सौरभ शर्मा, अनिल महाराज, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव राजेंद्र सिंह तथा व्यापार सभा के प्रदेश सचिव भूपेंद्र सिंह मौजूद रहे।