– कांग्रेसियों ने सोमवार को आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया

झांसी। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर झांसी में 27 अक्टूबर को आयोजित कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नारी संवाद कार्यक्रम के लिए कांग्रेसियों को वांछित स्थल (पैरामेडिकल का आडिटोरियम) नहीं मिलने से आक्रोश है। कांग्रेसियों ने सोमवार को प्रदर्शन का ऐलान किया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल ने पत्रकारों को बताया कि झांसी में 27 अक्टूबर को कांग्रेस का नारी शक्ति सवांद कार्यक्रम प्रियंका गांधी की मौजूदगी में आयोजित होना है। इस कार्यक्रम के लिए झांसी में पैरामेडिकल का आडिटोरियम की प्रशासन से परमीशन मांगी जा रही थी। इसके लिए प्रशासन ने पहले चक्कर लगवाए और इसके बाद अचानक जगह देने से इंकार कर दिया। जब उनसे दीनदयाल सभागार या अन्य स्थान उपलब्ध कराने को कहा गया तो प्रशासन ने वह भी नहीं दिया। जिस कारण कांग्रेसियों में काफी रोष व्याप्त है। उन्होंने झांसी प्रशासन फर भाजपा के इशारे में पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका जीता जागता उदाहरण झांसी में उनके कार्यक्रम के लिए वांछित स्थल को परमीशन न मिलना है। प्रियंका गांधी के नारी शक्ति संवाद कार्यक्रम में एक हजार महिलाओं को आना था। उन्होंने भाजपा पर ओछी व घटिया राजनीति करने व सरकार के इशारे पर प्रियंका के कार्यक्रम को रोकने का आरोप प्रशासन पर लगाया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इसके विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे। वार्ता के दौरान पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी, जिलाध्यक्ष भगवान दास कोरी, शहर अध्यक्ष अरविंद वशिष्ठ, राहुल रिछारिया, राहुल राय, राजेन्द्र शर्मा एड., डॉ विजय भारद्वाज, पंकज मिश्रा नोटा आदि मौजूद रहे।