फोन काल से पिता को पता चला की लड़की ने जहर खा लिया
झांसी। थाना गुरसरांय क्षेत्र अंतर्गत आलमपुरा में 11वीं कक्षा की छात्रा ने सल्फास की गोली खाकर सुसाइड कर लिया। यह हादसा उस समय हुआ जब उसके माता-पिता फसल काटने खेत पर गए थे। छात्रा घर पर अकेली थी। शाम को घर लौटे तो बेटी घर पर नहीं थी। अज्ञात नंबर से आए फोन काल पर पता चला की उसकी बेटी ने सल्फास की गोली खा ली। वह घर से लगभग 500 मीटर दूर सड़क किनारे बेहोश पड़ी थी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने बेहोश पड़ी बेटी को उठाया और उपचार हेतु सीएचसी ले गए। हालत गंभीर देख कर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां पर इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
दरअसल, गुरसराय के आलमपुरा गांव निवासी राजेश वंशकार की पुत्री ज्योति (18) गुरसराय के सरकारी इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। होली की छुट्टी हो गईं थी। इसलिए इस बीच स्कूल नहीं जा रही थी।
गुरुवार को राजेश वंशकार और उहकी पत्नी चंदा देवी फसल काटने के लिए खेत पर गए थे। बेटी ज्योति घर पर अकेली थी। शाम लगभग 5:30 बजे पति-पत्नी घर लौटे तो बेटी नहीं मिली। परिजनों ने आसपास बेटी को तलाशा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इससे परिजन किसी अनहोनी की आशंका से ग्रस्त हो गये।
पिता राजेश ने बताया- रात को एक अज्ञात नंबर से एक फोन काल आई। फोन करने वाले ने खुद को पड़ोस के गांव बह्मपुरा का बताया और बोला- आपकी बेटी ने सल्फास की गोली खा ली। वह नगरा-आलमपुरा तिराहा के पास सड़क किनारे पड़ी है। यह जानकारी मिलने पर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे तब तक बेटी को एंबुलेंस में रखा जा चुका था।
एम्बुलेंस से उसे गुरसराय सीएचसी लाया गया। यहां परीक्षण उपरांत डॉक्टर ने ज्योति को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां पर इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। ज्योति ने किन परिस्थितियों के चलते जहर खाया, इसके बारे में परिजनों को कोई जानकारी नहीं है। पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
ज्योति की मौत की खबर सुनकर मां चंदा देवी बेहोश हो गई, घर परिवार में मातम पसरा है। बताया गया है कि ज्योति से बड़ी बहन की शादी हो चुकी है जबकि एक छोटा भाई प्रिंस भी पढ़ाई करता है।













