आरपीएफ ने अस्पताल में कराया भर्ती
झांसी। 64608 कानपुर–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी मेमू के ट्रेन मैनेजर द्वारा एक घायल व्यक्ति को सुरक्षित रूप से उरई स्टेशन लाकर आरपीएफ की मदद से उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराने की सराहनीय कार्यवाही की गई।
रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट उरई को डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट, उरई द्वारा सूचना दी गई कि गाड़ी संख्या 64608 के गार्ड ब्रेक को अटेंड किया जाए। सूचना मिलते ही आरपीएफ उरई का स्टाफ मौके पर पहुंचा। गाड़ी के गार्ड के.जी. रैकवार (मुख्यालय झांसी) ने बताया कि रेलखंड सरसोंकी–उरई के मध्य किमी संख्या 1246/13 पर एक व्यक्ति नशे की हालत में अचानक ट्रेन के सामने आ गया था। स्थिति को देखते हुए गार्ड द्वारा ट्रेन को रोककर घायल व्यक्ति को गार्ड ब्रेक में बैठाकर उरई स्टेशन तक लाया गया। इस कारण ट्रेन लगभग 04 मिनट (12:00 बजे से 12:04 बजे तक) प्रभावित हुई।
उरई स्टेशन पर घायल व्यक्ति को उतार कर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम भान सिंह पुत्र नंदराम, उम्र लगभग 60 वर्ष, निवासी ग्राम अजनारा, थाना कोतवाली उरई, जिला जालौन बताया। घायल अपने परिजनों का संपर्क नंबर बताने में असमर्थ था। इस दौरान एक राहगीर द्वारा अजनारा गांव के ही निवासी तथा घायल व्यक्ति के पुत्र खिल्लन राजपूत का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया, जिस पर घटना की सूचना दी गई।
इसके बाद आरपीएफ द्वारा घायल व्यक्ति को एम्बुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई पहुंचाया गया, जहां उसके पुत्र खिल्लन राजपूत भी उपस्थित मिले। वर्तमान में डॉक्टर स्पर्श की देखरेख में घायल व्यक्ति का उपचार राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में किया जा रहा है।













