झांसी। 07 मार्च को एक वीडियो में एक व्यक्ति ट्रेन के अंदर अवैध वेंडिंग करते हुए अपने ठेकेदार के माध्यम से कार्य करने तथा आरपीएफ व जीआरपी को पैसा देने की बात कहता हुआ दिखाई देने से सवाल खड़े हो गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा इस वीडियो की तत्काल जांच प्रारंभ की गई।
प्रारंभिक जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान रवि यादव (30 वर्ष), निवासी नेहरू नगर, ललितपुर के रूप में हुई। स्थानीय स्तर पर पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि वह नशे का आदी है और कभी-कभी चोरी-छिपे ट्रेनों में चढ़ कर खाद्य सामग्री बेचता है।
इस संबंध में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बीना से प्राप्त सूचना के अनुसार उक्त व्यक्ति को बीना क्षेत्र में पकड़ा गया है और उसके विरुद्ध रेलवे एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के दौरान उसने आरपीएफ अथवा जीआरपी को किसी भी प्रकार की मंथली/पैसा देने की बात से इंकार किया है। जांच में वीडियो में लगाए गए आरोप मनगढ़ंत एवं असत्य पाए गए हैं।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा अवैध वेंडरों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 में अब तक रेलवे एक्ट की धारा 144 के अंतर्गत 135 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है।














