बहन की शादी के कार्ड बांटने निकला था बदमाशों ने गोली मारी
झांसी। जिले के मऊरानीपुर में पूर्व पार्षद के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह बाइक से जा रहा था। तभी पीछा कर रहे बदमाशों ने उसके बगल में अपनी बाइक लगाई। युवक की पीठ में तमंचा सटाकर गोली मार दी। युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। हमलावर मौके से फरार हो गए।
यह देख कर लोग भागते हुए युवक के पास पहुंचे। उससे परिजनों का मोबाइल नंबर पूंछ कर तुरंत घरवालों को सूचना दी। इस पर घायल युवक का छोटा भाई मौके पर पहुंचा। घायल युवक को ऑटो से सीएचसी, मऊरानीपुर ले जाया गया। जहां से उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया। चार घंटे इलाज के बाद युवक ने दम तोड़ दिया।उसकी मां नई बस्ती से पार्षद रह चुकी हैं।
नई बस्ती निवासी प्रापर्टी डीलर सतीश श्रीवास (40) पुत्र अशोक श्रीवास शनिवार सुबह अपने चाचा की बेटी की शादी का कार्ड बांट कर शाम करीब 5 बजे बाइक से चौक दमेला से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह शिशु मंदिर के पास पहुंचा इसी दौरान पीछा कर रहे एक बाइक पर सवार तीन युवकों में से एक ने तमंचा निकालकर उनकी पीठ के पास गोली मार दी। गोली लगते ही सतीश बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा।
गोली मार कर तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सतीश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
सूचना मिलने पर मेडिकल कॉलेज पहुंचे एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि अभी तक घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।














