झांसी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था “प्रयास : सभी के लिए” एवं राजकीय संग्रहालय उप निदेशक डॉ मनोज गौतम झांसी के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय संग्रहालय परिसर में प्रेरक महिलाओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा ने किया तथा अध्यक्षता रामबाबू शर्मा ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रती वर्मा (जिला विद्यालय निरीक्षक, झांसी) तथा विशिष्ट अतिथि रोली गुप्ता (अपर नगर आयुक्त, झांसी) रही। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के चित्रपट पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, कौशल, परिश्रम और समर्पण से विशिष्ट पहचान बनाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में ऐसी महिलाओं को मंच प्रदान किया गया जिनके कार्य समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और जो नारी सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल बन चुकी हैं। उप निदेशक डॉ मनोज गौतम ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि नारी केवल परिवार की धुरी ही नहीं, बल्कि समाज की प्रगति और संस्कृति की संवाहक शक्ति है। उन्होंने कहा कि आज की नारी शिक्षा, सेवा, प्रशासन, उद्योग और खेल सहित हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रही है और समाज को नई दिशा दे रही है।
संस्थापक अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा ने संस्था के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “प्रयास : सभी के लिए” संस्था राष्ट्र, संस्कृति और समाज के विविध क्षेत्रों में सेवा, सहयोग और जागरूकता के कार्यों के माध्यम से निरंतर सक्रिय है। संस्था का प्रयास रहा है कि समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को उचित मंच, सम्मान और प्रोत्साहन मिले, जिससे वे और अधिक प्रेरणा का स्रोत बन सकें।
मुख्य अतिथि रती वर्मा एवं विशिष्ट अतिथि रोली गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि आज नारी शक्ति हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठ प्रदर्शन कर रही है। शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, चिकित्सा, उद्योग, खेल और राष्ट्र सेवा—ऐसा कोई क्षेत्र नहीं जहाँ महिलाओं ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज न कराई हो। उन्होंने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि इनकी उपलब्धियाँ समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।
प्रयास महिला विंग की चेयरपर्सन रितु पुरवार ने कहा कि महिला दिवस केवल उत्सव नहीं बल्कि नारी की शक्ति, आत्मविश्वास और संघर्ष को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को अवसर और प्रोत्साहन मिलता है तो वे समाज और राष्ट्र निर्माण में अद्भुत योगदान देती हैं।
इस अवसर पर आयुषी सिजेरिया (सिविल सेवा में अभूतपूर्व सफलता, शिवानी वर्मा (रेडियो उद्घोषिका), दीक्षा शाक्या (गौसेवा), तनु गुप्ता (एंकर), अंजु द्विवेदी (संगीत गायिका), प्रतिभा डोंगरे (कुटीर उद्योग), डॉ. रंजना सिंह बुंदेला (समाजसेवा), उषा सिंह (वेल्डर), तमन्ना समाधिया (कुश्ती), रीता सिंह (ट्रेन मैनेजर), मेघा श्रेय खरे (लोको पायलट), मोनिका शर्मा (कुटीर उद्योग – लड्डू गोपाल पोशाक), कल्पना सिंह (समाजसेवा), रचना वर्मा (लेखाकार) तथा ) को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन मधु पासी ने किया।समारोह में प्रमुख रूप से संरक्षक रामकुमार लोहिया, निवर्तमान अध्यक्ष बैदेही शरण सरावगी, पूर्व अध्यक्ष सुनील खरे, अलका गेड़ा, ज्योति श्रीवास्तव, निधि अग्रवाल, सुभाष पुरवार, महेश चंद्र खरया, सरिता अग्रवाल (विंग सचिव), कुमकुम गुप्ता, राधा पहारिया, रेनू नैयर, साधना पटवारी, निशा श्रीवास्तव, अंजु लोहिया, रेखा लोहिया,अलका व्यास, अनीता चौरसिया, शारदा खरे,ऊषा सेठ, अशोक अग्रवाल (पीएनबी), नवीन श्रीवास्तव,एड. अनिल श्रीवास्तव, ऋषि लोहिया,केदार पहारिया,नरेन्द्र मुखरैया, सुन्दर ग्वाला, अम्बिका प्रसाद श्रीवास्तव, दिनेश चौरसिया,विनय व्यास, मनीष सेठ, देवेश मिश्रा, विवेक अग्रवाल, मिलन गुप्ता, पंकज अभिराज, यज्ञेश गुप्ता प्रदेश अध्यक्ष बुंदेलखंड राष्ट्र समिति,मोनी पहलवान,सेमुअल पीटर, श्रृष्टि सैनी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। अंत में महामंत्री के. डी. गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।














