चैकिंग से बचने राजधानी एक्सप्रेस के शौचालय में 405 किमी बिना टिकट यात्रा, झांसी में पकड़ा

0
15

झांसी। राजधानी एक्सप्रेस से बिना टिकट यात्रा करने का ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से बेंगलुरु जा रही 22692- बेंगलुरु राजधानी एक्सप्रेस में एक बिना टिकट यात्री सवार हुआ और चैकिंग से बचने कोच के शौचालय में छिप गया।

इस यात्री ने लगभग 405 किलोमीटर की यात्रा कर ली, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने पर इस यात्री को चेकिंग स्टाफ ने शौचालय से बाहर निकाला। जांच के क्रम में टिकट नहीं पाया गया। इसके बाद यात्री पर 6975 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, यह यात्री सिकंदराबाद जा रहा था। वह हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर ट्रेन के कोच नंबर बी 1 में सवार हुआ था। ट्रेन के रवाना होते ही टीटीई सुरेश कुमार पांडेय ने चेकिंग शुरू की। इस यात्री के पास पहुंचकर टिकट मांगा। यात्री ने टीटीई से कहा कि वह सामान रख लेने के बाद टिकट दिखाएगा। इस पर टीटीई इसके बाद दूसरे यात्रियों का टिकट चेक करने लगा। जब काफी देर तक यह यात्री दुबारा टीटीई को दिखाई नहीं दिया तो उसने खोजबीन शुरू की। इस बीच कुछ यात्रियों ने शिकायत की कि शौचालय काफी देर से बंद है। उसका दरवाजा नहीं खुल रहा है।

काफी प्रयास करने पर भी शौचालय का दरवाजा नहीं खुला तो टीटीई ने कोच अटेंडेंट से निगरानी करने को कहा। कोच अटेंडेंट टायलेट की निगरानी करते रहे, लेकिन यात्री शौचालय में ही बैठा रहा। ग्वालियर स्टेशन तक दरवाजा नहीं खुला तो टीटीई ने रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। देर रात ट्रेन के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पहुंची। यहां स्टेशन पर तैनात डिप्टी सीटीआई, सीएंडडब्ल्यू स्टाफ के साथ कोच में पहुंचे। इसके बाद यात्री को जेल भेजने की चेतावनी भी दी गई। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह शौचालय का दरवाजा खुलवाया गया। रेलवे ने इस यात्री पर 6975 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

54 बिना टिकट यात्रियों से वसूले रु15,395/-

बिना टिकट यात्रियों की रोकथाम हेतु 9 मार्च को ललितपुर स्टेशन पर व स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, बिना बुक लगेज, गंदगी फ़ैलाने वालों के विरुद्ध विशेष जाँच की गई । जांच के दौरान 54 बिना टिकट यात्रियों से रु15,395/- रेल राजस्व वसूल किया गया | इस अभियान में ललितपुर स्टेशन पर टिकट चेकिंग स्टाफ सुरेश चन्द्र वैश्य, ताज अब्बास, संजीव त्रिपाठी, कविता अग्रवाल, ज्योति साहू एवं मुख्य टिकट निरीक्षक/मुख्यालय मनोहर लाल मीणा उपस्थित रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here