– देश के लिए सफल नहीं सार्थक जीवन देने वाले चाहिए : अनिल जी ओक
झांसी। वीरांगना की नगरी में श्री लक्ष्मी व्यायाम मंदिर में अमृत महोत्सव आयोजन समिति महानगर द्वारा आयोजित सामूहिक वंदे मातरम गायन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह व्यवस्था प्रमुख अनिल जी ओक ने कहा कि देश के लिए सफल नहीं सार्थक जीवन देने वाले लोगों की आवश्यकता है। जो सफल जीवन जीता है। वह अपनी हैसियत बनाता है,जबकि जो सार्थक जीवन जीता है वह हस्ती बन जाता है और यही शायद अमर महोत्सव आयोजन समिति का उद्देश्य रहा होगा। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए संघर्ष कोई 2-5 साल का नहीं रहा। वर्षों संघर्ष करना पड़ा और उससे भी ज्यादा करीब डेढ़ हजार वर्ष तक गुलामी का तांता लगा रहा। उन्होंने बताया कि महाराणा प्रताप से लेकर वीर शिवाजी तक, अर्जुन देव से लेकर तेग बहादुर तक और अट्ठारह सौ सत्तावन में लक्ष्मीबाई का इतिहास बताना जरूरी नहीं है। मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी जैसे वाक्य बोलकर उन्होंने अंग्रेजों को परेशान कर दिया था। उन्होंने कहा कि जिसने भी शिवाजी को ललकारा वह अल्लाह को प्यारा हो गया।उन्होंने कहा कि सच्ची आजादी वीर सावरकर जैसे लोगों के कारण ही आई है। अमृत महोत्सव के रूप में हमें ऐसे ही वीर सावरकर जैसे देशभक्तों का संस्मरण करने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल दे दी हमें आजादी बिना खडक बिना ढाल से हमें आजादी नहीं मिली। सबका अपना-अपना सहयोग रहा है, इस भारत देश को आजाद करने में। आज हमारा देश स्वस्थ रहे, स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करे, आत्मनिर्भर बने ऐसी इच्छा हमारे प्रधानमंत्री जाहिर करते हैं। हमारे जीवन का उद्देश्य भी यही होना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के नवागंतुक कुलपति मुकेश पांडे ने वंदेमातरम गायन का अपने ढंग से व्याख्यान करते हुए उसमें मानव जीवन के समस्त तत्व विद्यमान होने की बात कही। उन्होंने बताया कि कमलाम,अमलाम व सुफलाम जैसे शब्द हमारी आर्थिक सशक्तिकरण, पवित्र ज्ञान और समृद्ध भारत की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने 2020 में बनाई गई शिक्षा नीति की भी भूरि भूरि प्रशंसा की। इससे पूर्व अतिथियों ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्वामी विवेकानंद इण्टर कॉलेज के छात्र छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति के गीतों पर शानदार प्रस्तुति दी। वहीं सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की बालिकाओं ने सामूहिक वंदेमातरम का गायन किया।

आयोजन समिति महानगर के अध्यक्ष डॉ शरद द्विवेदी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन आयोजन समिति के संयोजक प्रवीण लखेरा ने किया। वंदे मातरम गायन में करीब दो दर्जन से अधिक स्कूलों महाविद्यालय व विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। इस अवसर समिति के सहसंयोजक अधिवक्ता कुमार वैभव तिवारी, महापौर रामतीर्थ सिंघल, अनिल श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा, सदर विधायक रवि शर्मा, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.नरेन्द्र सिंह सेंगर, बुंदेलखंड महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसके राय, मनीष तिवारी, देवप्रिया उकसा, रसकेन्द्र गौतम समेत हजारों लोग उपस्थित रहे।