झांसी। भाजपा द्वारा आगामी विधानसभा सभा चुनाव में जनता का विश्वास दोबारा हासिल करने के लिए निकाली जा रही जन विश्वास यात्रा का झांसी के किले के मैदान से 19 दिसम्बर को शुभारंभ होगा। इस यात्रा को देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे।

भाजपा कार्यालय पर यात्रा की जानकारी देते हुए उप्र वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष व यात्रा प्रभारी बाबूराम निषाद ने बताया कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को 2014 से लेकर 2019 व पंचायत चुनावों में भरपूर आशीर्वाद दिया है। 2022 में भी जनता का आशीर्वाद भरपूर मिले इसके लिए प्रदेश में 6 यात्राएं निकाली जा रहीं हैं। झाँसी से शुरू यात्रा कानपुर-झाँसी प्रान्त की 52 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। यात्रा का पड़ाव 02 जनवरी को बिठूर में होगा। उसके बाद अगली रणनीति तय होगी। उन्होंने विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए भाजपा की जनहित कारी नीतियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि जनता का भाजपा पर विश्वास है और इस वार तीन सौ से पार सीटों पर भाजपा का परचम लहरायेगा। वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा, मीडिया प्रभारी रानू देवलिया व प्रियांशु डे, शैलेन्द्र प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे