– लखनऊ में पूर्व विधायक के साथ कई हुए भाजपाई

झांसी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय लखनऊ में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सदस्यता अभियान के चेयरमैन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई एवं प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह की उपस्थिति में बसपा से निष्कासित बबीना (झांसी) के पूर्व विधायक कृष्णपाल सिंह राजपूत एवं झांसी के व्यापारी सुशील गुप्ता ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस दौरान चिरगांव (झांसी) के पूर्व ब्लाक प्रमुख विनोद गौतम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दीपक राजपूत, अरविंद राजपूत( पारीछा ), मनीराम राजपूत, मनोज यादव, मयंक यादव सहित दर्जनों बसपा कार्यकर्ताओं एवं व्यापारियों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस दौरान पूर्व विधायक केपी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी की नीतियों से संतुष्ट होकर वो भाजपा में आए हैं। योगी सरकार ने प्रदेश में गुंडाराज खत्म कर दिया है। प्रदेश की जनता सपाइयों के उत्पीड़न से परेशान थी। लोगों की जमीनों, किसानों के खेतों पर बेधड़क कब्जे होते थे। वो दिन झांसी और प्रदेश की जनता भूली नहीं है। आरोप लगाया कि बसपा चंद लोगों के हाथों की कठपुतली बनकर रह गई है। वह 30 साल से अनुशासन में रहकर पार्टी की सेवा कर रहे थे। मगर झूठे आरोप लगाकर उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया। इससे बीएसपी का कार्यकर्ता भी खुश नहीं है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे मौजूद रहे।

गौरतलब है कि बहुजन समाज पार्टी ने 20 दिसंबर को पूर्व विधायक केपी राजपूत को अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया था। ठीक चार दिन बाद पूर्व विधायक भाजपाई हो गए। बसपा से केपी राजपूत 2012 में बबीना विधानसभा से विधायक चुने गए थे। इससे पहले वो बसपा में बूथ स्तर से लेकर तमाम बड़े पदों पर रह चुके हैं। वह सेक्टर, जिला प्रभारी, जिला उपाध्यक्ष, जिला महासचिव, लोकसभा प्रभारी, मंडल में प्रदेश सचिव और जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। सूत्रों का दावा है कि बबीना विधानसभा में उनकी अच्छी पकड़ है और विधान सभा चुनाव में इन पर दांव भी लगाया जा सकता है।