झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत सिविल लाइंस में निर्माणाधीन बिल्डिंग में नियमों के विपरीत वे सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर बेसमेंट की खुदाई के दौरान मिट्टी धसकने से दो मजदूर दबकर गम्भीर घायल हो गए। एक मजदूर की उपचार के दौरान मौत हो गयी।

बताया गया कि नवाबाद थाना क्षेत्र के सिविल लाइंस में  इलाइट चौराहे के पास बहुमंजिला काम्प्लेक्स बन रहा है। इसमें जेसीबी से गहरा बेसमेंट की खुदाई की जा रही है।  सोमवार को इसमें लगभग 11 बजे मजदूर कम्प्रेसर से पत्थर तोड़ रहे थे, इसी बीच अचानक मलबा धसक गया और उसमें दबने से श्रमिक रामप्रसाद कुशवाहा, कमलेश निवासीगण ग्राम सैयर थाना प्रेमनगर व दीनदयाल घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल रामप्रसाद कुशवाहा व कमलेश को उपचार के लिए मेडिकल कालेज ले जाया गया। जहां रामप्रसाद ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही नबाबाद इंस्पेक्टर सुधाकर मिश्रा तत्काल मौके पर पहुँचे और जांच पड़ताल की।

जेडीए व नगर निगम की भूमिका संदिग्ध
जानकारों की मानें तो बहुमंजिला इमारत व बेसमेंट का निर्माण नियमों व मानकों को दरकिनार कर किया जा रहा है। जानते हुए भी जेडीए व नगर निगम द्वारा अनदेखी किए जाने से यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि निर्माण स्थल के पीछे से निकले सरकारी नाले पर अवैध कब्जे की भी चर्चाएं हैं। देखना है कि इस प्रकरण में क्या कार्रवाई होती है।