– लखनऊ में सपा से पूर्व विधायक रश्मि ने थामा भगवा ध्वज

झांसी। भाजपा शीर्षस्थ नेतृत्व बुंदेलखंड की सभी विधानसभा सीटों पर भगवा फहराने की मैराथन दौड़ में प्रत्याशियों के चयन में फूंक फूंक कर कदम रख रहा है। भले ही अभी बुंदेलखंड के विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी घोषित नहीं किए गए हैं, किंतु सपा के मंसूबों पर पानी फेर कर कमजोर करने की कवायद शुरू हो गई है। भाजपा ने सपा एमएलसी रमा आरपी निरंजन को भगवा रंग में रंगने के बाद मऊरानीपुर से सपा की पूर्व विधायक डॉ रश्मि आर्य को सोमवार को लखनऊ में कमल निशान थमा कर बुंदेलखंड में सपा को झटका दे दिया है।

गौरतलब है कि मऊरानीपुर विधानसभा से रश्मि आर्य 2012 में सपा की टिकट से विधायक बनी थीं। रश्मि का भाजपा में जाने से सपा कमजोर होगी, क्योंकि क्षेत्र की राजनीति में आर्य परिवार का मजबूत जनाधार माना जाता है।
सपा ने विधानसभा चुनाव में भाजपा के दो मंत्रियों व कुछ विधायकों को साइकिल की सवारी करा कर भाजपा को झटका दिया था। भाजपा इसकी भरपाई करने में जुटी है। इसी क्रम में सोमवार को लखनऊ में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में सपा से पूर्व विधायक रश्मि आर्य भाजपा में शामिल हो गई। सूत्रों की मानें तो रश्मि ने टिकट की शर्त पर भाजपा ज्वाइन की है। इससे मऊरानीपुर से विधायक बिहारी लाल आर्य का टिकट कटना तय दिखाई दे रहा है। इस बदलाव के पीछे भाजपा द्वारा किए गए सर्वे रिपोर्ट में बिहारी लाल आर्य की उनके विधानसभा क्षेत्र में कमजोर स्थिति का होना है। रश्मि के भाजपा में जाने से नुकसान होगा या फायदा यह भविष्य तय करेगा।