प्लेटफार्म पर आरपीएफ का फर्ज़ी दरोगा पकड़ा गया 

0
6

बेरोजगार युवक वर्दी की धौंस दिखाकर ट्रेन में मुफ्त करता था सफर

प्रयागराज। आरपीएफ की दो स्टार लगी वर्दी पहन कर फर्जी दरोगा बन कर ट्रेन में बिना टिकट यात्रा कर जन सामान्य को धोखा देने वाले बेरोजगार युवक को आरपीएफ व जीआरपी टीम ने प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म पर दबोच लिया।

15 मार्च को आरपीएफ पोस्ट प्रयागराज के निरीक्षक अमित कुमार मीणा अपने हमराह स्टाफ के साथ रेलवे स्टेशन प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म पर गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान एक युवक आरपीएफ उप निरीक्षक की वर्दी में संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। संदेह होने पर निरीक्षक अमित कुमार मीणा एवं उनके हमराह स्टाफ द्वारा उक्त युवक को रोककर पूछताछ की गई तथा जीआरपी टीम को बुला कर संयुक्त रूप से जांच की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घर वालों के नौकरी के दबाव के कारण तथा ट्रेन में मुफ्त यात्रा करने के उद्देश्य से उसने आरपीएफ की खाकी वर्दी बनवा ली और पिछले लगभग तीन महीनों से वर्दी पहनकर ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा कर रहा था तथा लोगों के सामने स्वयं को आरपीएफ दरोगा बताता था। जांच में उक्त व्यक्ति फर्जी आरपीएफ उप निरीक्षक पाया गया। इस पर उसे गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम दिव्यांशु कुमार पुत्र दीना नाथ निवासी ग्राम रेंगा थाना बरेसर जनपद गाजीपुर बताया।

जीआरपी ने आरोपी द्वारा पहनी गई वर्दी मय स्टार, बैच, मोनोग्राम, बेल्ट, नीली डोरी तथा लाल रंग के जूते मय खाकी मोजे को उतरवाकर सफेद कपड़े में रखकर नियमानुसार सील सर्वमोहर किया गया। जामा तलाशी में ₹650, आधार कार्ड व एटीएम कार्ड बरामद हुए। अभियुक्त के विरुद्ध थाना जीआरपी प्रयागराज में मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

गिरफ्तार करने वाली टीम:
अमित कुमार मीणा, निरीक्षक – आरपीएफ पोस्ट प्रयागराज, अतुल कुमार, एएसआई – आरपीएफ पोस्ट प्रयागराज, भूपेंद्र कुमार, उप निरीक्षक – जीआरपी प्रयागराज हमराह स्टाफ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here