झांसी। यूपी में विधानसभा चुनाव 2022 के तृतीय चरण के चुनाव के लिए झांसी मुख्यालय में कलेक्ट्रेट में गुरुवार को बिना किसी तामझाम के समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। झांसी सदर सीट से भाजपा प्रत्याशी रवि शर्मा, बबीना से भाजपा प्रत्याशी राजीव सिंह पारीछा, सपा प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव, मऊरानीपुर से सपा प्रत्याशी तिलक चंद्र अहिरवार तथा गरौठा विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी दीप नारायण सिंह यादव और भाजपा प्रत्याशी जवाहर लाल राजपूत ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। प्रत्याशी अपने प्रस्तावकों के साथ सादगी से नामांकन करने पहुंचे।

झांसी की सदर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी विधायक रवि शर्मा अपने प्रस्ताकों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद उन्होंने बताया कि जनता के स्नेह और प्यार के कारण उन्हें फिर से मौका मिला है। इस बार भी जनता उन्हें जीत दिलाती है तो वह अपनी विधानसभा सीट में अधूरे कार्यों को पूरा करायेंगे। भाजपा इस बार भी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है।

झांसी की बबीना विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी विधायक राजीव सिंह पारीछा अपने प्रस्ताकों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद उन्होंने बताया कि क्षेत्र में उन्हें जनता का इस बार भी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने क्षेत्र में किए चौमुखी विकास कार्यों की फेहरिस्त गिनाते हुए बताया यदि इस बार भी जनता उन्हें जीत दिलाती है तो वह अपनी विधानसभा क्षेत्र में अधूरे कार्यों को पूरा करायेंगे।

झांसी की गरौठा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी विधायक जवाहर राजपूत अपने प्रस्ताकों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में कई विकासकारी कार्य कराए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार की पुनः वापसी होगी।

मऊरानीपुर से सपा प्रत्याशी तिलक चंद्र अहिरवार अपने प्रस्तावकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे। उन्होंने सादगी से नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से दावा किया कि प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का आशीर्वाद उन्हें मिलेगा। वह मऊरानीपुर विधानसभा के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

गरौठा से सपा प्रत्याशी पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव अपने प्रस्ताकों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए नामांकन किया। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद उन्होंने बताया कि मौका मिलने पर वह सबसे पहले एरच के रुके बांध का निर्माण कार्य शुरु कराएगें। जिससे क्षेत्रवासियों की जिंदगी बदल जायेगी। इसके अलावा क्षेत्र में वह कई विकासकारी कार्य करेंगे।

बबीना विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव ने अपने प्रस्तावकों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच कर नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने बताया कि पार्टी ने जो-जो घोषणा की है उन्हें मौका मिलने पर सबसे पहले कराया जायेगा। 300 यूनिट फ्री बिजली दी जायेगी। जिसके फार्म भरवाए जा रहे हैं। क्षेत्र में सड़क की समस्या को दूर किया जायेगा। अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार देने का प्रयास किया जायेगा।