–  भाजपा प्रत्याशी राजीव पारीछा ने भरा कार्यकर्ताओं में जोश

झांसी। भाजपा से बबीना विस क्षेत्र के अधिकृत प्रत्याशी राजीव सिंह पारीछा ने क्षेत्र में भ्रमण कर कार्यकर्ताओं व मतदाताओं में जमकर जोश भर दिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव राष्ट्रवाद बनाम परिवारवाद हो चुका है। जहां विपक्षी दल परिवारवाद को सत्ता दिलाने के लिये प्रयासरत है तो वहीं भाजपा राष्ट्र निमार्ण, देश-प्रदेश की अखण्डता के लिये मैदान में हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डोर टू डोर भाजपा सरकार के कामों का प्रचार करने का आव्हान किया।

विधायक निवास के पास हुई बबीना विधानसभा क्षेत्र के चिरगांव, बबीना रूरल, बड़ागांव, बरूआसागर, सदर बाजार, रक्सा आदि क्षेत्रों के भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों, शुभचिंतकों की बैठक में सभी ने एक स्वर में डोर टू डोर प्रचार पर सहमति जतायी। बैठक को सम्बोधित करते हुये भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी राजीव सिंह पारीछा ने कहा कि लोगों को भारतीय जनता पार्टी की सरकार की उपलब्धियों, कार्यों, नीतियों, निर्णयों को हर एक व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी आप सभी की है। चुनाव अब परिवारवाद बनाम राष्ट्रवाद हो चुका हैं, राष्ट्र को सर्वोपरि मानने वाले अन्य दलों के नेता भी अब भाजपा में लगातार शामिल हो रहे है। आम आदमी में भी भाजपा के प्रति लगाव बढ़ता जा रहा हैं, इस बार बहुत अधिक बहुमत से भाजपा की सरकार दुबारा बनने जा रही है। लोग सूबे के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों से बेहद खुश है। उनके कुशल निर्देशन में पुलिस द्वारा अपराध व अपराधियों पर जो कार्यवाही की गयी है, और की जा रही है, वह पूरे देश मेें सराही जा रही हैै। इसलिये भाजपा की बड़ी जीत सुनिश्चित है। आप सभी अपने-अपने बूथों पर डोर टू डोर प्रचार कर भाजपा को बूथ स्तर पर बड़ी जीत दिलाने में योगदान करें। राष्ट्रवाद की लड़ाई हम सभी मिलकर दुबारा जीतेगे।

बैठक को जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष जयदेव पुरोहित, चुनाव प्रभारी संजीव श्रृंगीश्रृषि, पूर्व जिलाध्यक्ष युवा हेमेन्त परिहार आदि ने संबोधित करते हुये सभी से चुनाव में लग जाने का आव्हान किया। बैठक में मौजूद हजारों कार्यकर्ताओं शुभचिंतकों समर्थकों आदि सभी ने एक स्वर में बबीना से बीजेपी की ऐतिहासिक जीत का संकल्प लिया।