तंत्र-मंत्र के झांसे हुए शिकार, कथित तांत्रिकों की तलाश
झांसी। लालच इंसान की सोचने समझने की शक्ति समाप्त कर देता है और जब सब कुछ लुट चुका होता है तब होश आता है। झांसी में ऐसे ही एक मामले में जालसाजों ने जमीन के अंदर गड़े 10 करोड़ रुपये का सोना दिलाने का लालच देकर थाना सीपरी बाजार के करारी निवासी राजा भैया पाल को 15 लाख रुपये की चपत लगा दी। पैसा गंवाने के बाद उसने पुलिस के पास पहुंचकर गुहार लगाई। सीपरी बाजार पुलिस ने तीन के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
सीपरी बाजार के करारी के वार्ड नंबर-10 निवासी किसान राजा भैया पाल ने पुलिस को बताया कि कुछ महीने पहले उसकी मुलाकात मप्र के भिंड निवासी कथित तांत्रिक मुकेश गुर्जर से हुई थी। पिछले वर्ष जनवरी में वह उसके घर आया और बताया कि घर के नीचे बहुत सारा सोना दबा है, यह तंत्र क्रिया कर सोने को निकाल कर दे देगा।
जमीन में सोना होने की बात साबित करने को मुकेश ने नींबू मांग कर घर में घूमाया। कुछ देर में नींबू का रंग लाल हो गया। यह देख उसके परिवार वालों ने भी भरोसा कर लिया। सोना निकालने के लिए मुकेश ने अपने गुरु को लेकर आने की बात कही। कुछ दिनों बाद वह भिंड निवासी नयान खान को अपना गुरु बताकर घर लेकर आया। नयान ने पूरे घर का जायजा लिया। गुरूने घर के अंदर लगभग 10 करोड़ रुपये का सोना दबे होने का दावा किया। सोना बाहर निकालने के लिए हवन-यज्ञ आदि कराने को कहा। यज्ञ में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं के बाजार में न मिलने की बात कहते हुए अलग-अलग समय पर कुल 15 लाख रुपये ले लिए।
जब सोना निकालने को कहा तो तांत्रिक मुकेश ने कहा कि अगर जबर्दस्ती सोना निकालने की कोशिश करेंगे, तब पूरा सोना राख बन जाएगा और किसी को कुछ नहीं मिलेगा। कुछ दिनों तक आरोपियों ने घर में यज्ञ हवन किया। उसके बाद जंगल से जड़ी-बूटी लाने की बात कहकर चले गए फिर वापस नहीं लौटे। उसके बाद से उनका पता नहीं चल रहा है।
वह तांत्रिकों को तलाशते हुए मुकेश के घर पहुंचा और रुपए लौटाने को कहा। आरोप है कि मुकेश ने धमका कर उसे भगा दिया। इसके बाद परेशान राजा भैया पाल ने सीपरी बाजार थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने कथित तांत्रिक मुकेश, नयान खान एवं रघुराज उर्फ फौजी के नाम रिपोर्ट दर्ज करके उनकी तलाश की जा रही है।












