झांसी। मोंठ थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरी गांव के निकट बुधवार को सुबह लगभग 9.30 बजे दो बाइकों की भिड़ंत में प्राइमरी स्कूल के शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना शिक्षक के घर से लगभग 2 किलोमीटर दूर हुई। इसमें टीचर और दूसरी बाइक पर सवार 2 युवक घायल हो गए। तीनों को सीएचसी से झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां पर इलाज के दौरान टीचर की मौत हो गई। इसके बाद घर में मातम छा गया।
मप्र के जिला दतिया के भांडेर के बीकर गांव के प्राइमरी स्कूल में शिक्षक राजेंद्र यादव (51) पुत्र मातादीन यादव अपनी पत्नी राजेश्वरी उर्फ गुड्डी के साथ शादी के बाद से ही अपनी ससुराल मोंठ के ससुराल सेमरी गांव में रहने लगे थे।
हमेशा की तरह बुधवार सुबह राजेंद्र यादव बाइक से स्कूल जा रहे थे। जब वह घर से करीब दो किलोमीटर दूर पहुंचे तभी दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में राजेंद्र और दूसरी बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए। तीनों को मोंठ सीएचसी ले जाया गया। वहां से झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां पर राजेंद्र ने दम तोड़ दिया।
राजेंद्र यादव की मौत के बाद घर परिवार में मातम छाया है। उनकी दो बेटियां माधुरी और निशा व एक बेटा मयंक है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। जबकि बेटा मयंक अविवाहित है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।














