भोपाल/झांसी। कर्नाटका संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की पैंट्री कार में मैनेजर की हैवानियत की शिकार युवती तीन माह की गर्भवती निकली। मेडिकल परीक्षण में गर्भवती होना उजागर होने व घर-परिवार का सही पता नहीं मिलने से मामला पेंचीदा हो गया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार की रात कर्नाटक एक्सप्रेस से भुसावल से दिल्ली की ओर जा रही बिना टिकट युवती को जबरन पैंट्रीकार में ले जाकर मैनेजर भूपेंद्र सिंह द्वारा बलात्कार किया गया था। शनिवार की सुबह आरोपी को झांसी में ट्रेन की पैंट्री कार में एक अल्मारी से गिरफ्तार कर लिया गया था। इस मामले में हैवानियत की शिकार युवती का जब मेडिकल परीक्षण कराया गया तो वह लगभग तीन माह की गर्भवती पाई गई। पूछताछ में बताया गया कि गर्भवती होने के बाद युवती को उसके परिवार के लोग लगातार डांट डपट कर रहे थे, जिससे परेशान होकर वो घर से भागकर मुंबई चली गई थी। लेकिन, मुंबई पहुंचने के अगले दिन ही वो वापस पुरानी दिल्ली के लिए रवाना हो गई। बीच में उसके साथ उक्त घटना घट गई।
दुष्कर्म की घटना की शिकार युवती बदहवासी में है। वो अपने बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे पा रही है। यहां तक कि वो अपने घर का पता या घर के किसी व्यक्ति का नाम, फोन नंबर तक नहीं बता पाई। अब पुलिस पुरानी दिल्ली में युवती के परिजनों का पता लगाने में जुटी हुई है। इधर, इस घटनाक्रम ने ट्रेन में सुरक्षा के दावों की हकीकत उजागर कर दी है।
पता चला है कि युवती द्वारा घटना की जानकारी देने पर तुरंत ट्रेन में मौजूद सह यात्रियों ने रेलवे मदद एप पर इसकी जानकारी इटारसी में दे दी थी। लेकिन, चलती ट्रेन में मदद नहीं मिली। ट्रेन के भोपाल पहुंचने पर जीआरपी पहुंची। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी झांसी तक पहुंच गया था। उसने पैंट्रीकार को अंदर से बंद कर रखा था और अल्मारी में छुप गया था।












