झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत सिविल लाइंस में विवेकानंद कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़ कर लाखों के जेवरात उड़ा दिए। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। इसके पीछे पीड़िता के बयानों में झोल बताया जा रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

सिविल लाइंस विवेकानंद कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही माया सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका पति कमल सिंह फल बेचता है। इन दिनों वह नासिक गए हैं। वह अपनी पुत्री को लेकर अपने मायके बांदा चली गई। इसके बाद मकान मालकिन भी घर में ताला बंद करके पंजाब चली गई। वह 20 अप्रैल को वापस लौटकर आई तो घर व उसके अंदर के कमरे के ताले टूटे हुए थे। सारा सामान नीचे बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखा जेवरात एवं नकदी गायब थी। उसका कहना है कि अलमारी में ही उसकी बहन के जेवरात भी रखे हुए थे। वह भी गायब थे। उसने इनकी कीमत लाखों रुपये में बताई।

पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल कर छानबीन व लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है पीड़िता के बयान में कई झोल हैं। पुलिस द्वारा तहरीर के आधार पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।