Oplus_131072

झांसी। जिले के बरुआसागर में घसरपुरा में शादी के पांच दिनों बाद ससुराल से मायके लौटी नव वधु का शव पानी से भरे ड्रम में उतराता मिलने से सनसनी फ़ैल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बरुआसागर के घसरपुरा मोहल्ला निवासी रामेश्वर कुशवाहा की पुत्री ममता की शादी 23 अप्रैल 2024 को जिखन गांव निवासी सुरेंद्र कुशवाहा के साथ हुई थी। 24 अप्रैल को विदाई हुई और ममता अपने ससुराल पहुंच गई। शनिवार शाम को भाई ससुराल से बहन ममता को वापस मायके ले आया था। रात में सभी ने खाना खाया और ममता अपनी मां कलावती के साथ कमरे में सो गई। सुबह करीब 5 बजे मां जगी तो बेटी ममता नजर नहीं आई। आसपास देखा तो भी नहीं मिली। मां जब बाथरूम में गई तो पानी के ड्रम में ममता की लाश पड़ी दिखाई दी तो उसने शोर मचा दिया। पानी के ड्रम से निकलकर ममता को परिजन अस्पताल ले गए थे। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। तब परिजन शव को घर पर ले आए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

इस घटना क्रम से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। ममता की मौत से मायके व ससुराल में मातम पसरा हुआ है। ममता तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उससे बड़ी बहन द्रोपदी और बड़े भाई सुभाष की शादी हो चुकी है। ममता की मौत के बाद पति सुरेंद्र भी सदमे में है। सुरेंद्र अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। वह पिता के साथ खेती किसानी करता है।