– बरुआसागर की सभा में मोदी व योगी पर जमकर बरसे मौर्य

झांसी। उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य आज झांसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर बरसे। समाजवादी पार्टी के बबीना विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव के समर्थन में बरुआसागर के मंडी समिति प्रांगण में आयोजित पिछड़ा वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ सबका विकास का नारा तो देती है, लेकिन उस पर काम नहीं करती। जिन-जिन लोगों ने भारतीय जनता पार्टी का साथ दिया, उन सभी का भाजपा के नेताओं ने साथ देने की बजाए विनाश कर दिया। पिछले 5 साल मंत्री रहकर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को बहुत करीब से देखा है। भाजपा के नेताओं का दोहरा चेहरा उजागर होने लगा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल सत्ता की भूखी पार्टी है। सत्ता पाने के लिए यदि उसे किसी की लाश पर भी होकर गुजरना पड़ता है तो वह गुजरती है। भाजपा ने किसानों की लाशों पर चढ़कर सत्ता पाने का फिर से ख्वाब देखा है। स्वामी प्रसाद मौर्य यहीं पर ही नहीं रुके, लगातार भाजपा नेताओं पर वार जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि आज देश को बेचा जा रहा है। पहले हवाई सेवाएं, फिर रेल, सरकारी उपक्रम, मेडिकल कॉलेज, कोल माइनिंग फील्ड को निजी हाथों में बेच दिया गया और कृषि बिल लाकर किसानों की जमीन को भी अंबानी और अडानी के हाथों बेचे जाने की साजिश रची जा रही थी। उन्होंने कहा कि कई साल से यह योजना चल रही थी। कई महीनों तक किसान आंदोलन तथा धरने पर बैठे रहे लेकिन भाजपा के नेताओं का दिल नहीं पसीजा। किसानों की मौत ने भी उनके अंदर संवेदना इन नहीं जगाई। जब चुनाव की आहट सुनाई दी तो वोटों को हासिल करने के लिए बिल को वापस ले लिया।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि जब से योगी बाबा मुख्यमंत्री बने हैं, किसानों की फसल योगी बाबा के छुट्टा जानवर चर रहे हैं। भाजपा के नेता कहते हैं कि किसानों का सम्मान बढ़ा रहे हैं। उन्हें 6000 रुपए सम्मान निधि दे रहे हैं, लेकिन उनकी लाखों करोड़ों की फसल छुट्टा जानवर चर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल का छुट्टा जानवरों से चरवाना बंद कर दो, हमें किसान सम्मान निधि नहीं चाहिए। करोड़ों नौजवानों को नौकरी देने का वादा करने वाली भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी बाबा के कार्यकाल में नौजवानों को नौकरी तो नहीं मिली, लेकिन बदले में उन्हें पुलिस की लाठियां जरूर मिल गई। जब से योगी बाबा मुख्यमंत्री बने हैं, एक भी नौकरी की परीक्षा पारदर्शी तरीके से नहीं हो पाई। या तो पर्चा लीक आउट हो गया या भर्ती भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। उन्होंने कहा कि 1 वर्ष पहले 69000 शिक्षकों की भर्ती में 19000 आरक्षित पदों पर योगी बाबा ने अपने चहेतों को बैठा दिया। आज संविधान खतरे में है। आरक्षित पदों पर आरक्षित लोगों को ही नौकरी मिलना चाहिए थी, लेकिन योगी बाबा ने भ्रष्टाचार का रास्ता अपनाते हुए अपने चहेतों को बैठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा हिंदू मुस्लिम की बात करती है। हम पूछना चाहते हैं कि क्या दलित और पिछड़े हिंदू नहीं है, लेकिन भाजपा के लोगों के पास इसका कोई जवाब नहीं है। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में न जाने कितने मुस्लिम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हुए हैं और उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देश के लिए दी है। आज उनके नाम, जाति व धर्म के नाम पर भारतीय जनता पार्टी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि 5 साल में छोटा व्यापारी तथा मध्यम व्यापारी सरकार की व्यापार विरोधी नीतियों के कारण भुखमरी की कगार पर आ गया है, लेकिन भाजपा को यह सब नहीं दिख रहा। उसे वोट हासिल करने के लिए केवल हिंदू मुस्लिम दिख रहा है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने ऐसी सरकार तथा ऐसी पार्टी से मुक्ति पाने के लिए सभी से बबीना विधानसभा क्षेत्र के युवा प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव को 20 फरवरी को होने वाले मतदान में साइकिल का बटन दबाकर विजई बनाने तथा उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने में मदद करने की अपील की। इससे पूर्व सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री राजाराम पाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के संविधान को कुचलने की कोशिश कर रही है। हमारे पास वोट ही हमारी ताकत है, इसलिए हम सभी अपनी इस ताकत का इस्तेमाल करते हुए संविधान को बचाने का काम करें और इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को उखाड़ कर फेंकें। पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि आजादी के बाद के 75 सालों में भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने जितनी अराजकता की है, इतनी अराजकता इतिहास में कभी नहीं हुई। पंचायत चुनाव इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का दावा करने वाली भारतीय जनता पार्टी के शासन में किसान की आर्थिक कमर टूट चुकी है। खाद यूरिया तथा बीज मिल ही नहीं पा रहा। खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही। आज न जाने कितने किसानों ने दुखी होकर आत्महत्या कर ली है। उन्होंने उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वक्त आ गया है कि अपनी जिम्मेदारी को पूरी सतर्कता के साथ निभाए और एक-एक वोट को समाजवादी पार्टी के पक्ष में डलवा कर बबीना विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव को विधानसभा में भेजें तथा उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल बिंदुओं की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि जो योजनाएं अखिलेश यादव के नेतृत्व में लागू की जाएंगी, वह आजादी के बाद से इतिहास में आज तक लागू नहीं हुई होगी। सभा को संबोधित करते हुए सपा प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव ने कहा कि 2017 के चुनाव में भी हम आपके बीच में आए थे, लेकिन कुछ कमियों की वजह से आपका पूरा आशीर्वाद नहीं मिल पाया था, लेकिन हम यह कहना चाहते हैं कि यहां हम हारकर भी जीते हैं, क्योंकि जब भी क्षेत्र की जनता को कोई समस्या हुई है वह हमारे पास ही आई है या हम उनके पास पहुंचे हैं। भारतीय जनता पार्टी के लोगों के पास सिवाए फर्जी मुकदमे बाजी करने की और कोई काम नहीं रहा। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पास विजन भी है और मिशन भी है। हम सभी में काम करने का जुनून भी है। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र की जनता ने उन्हें आशीर्वाद देकर विधानसभा में पहुंचाया तो बरुआसागर की मंडी के लिए अभूतपूर्व काम करते हुए यहां के किसानों की आय को बढ़ाने के लिए फूड प्रोसेसिंग प्लांट तथा अन्य प्लांट स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने सभी से 20 फरवरी को होने वाले मतदान में साइकिल का बटन दबाकर समाजवादी पार्टी को विजई बनाने की अपील की। सभा की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष महेश कश्यप ने की। संचालन मिर्जा करामत बेग ने किया।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बरुआसागर के अध्यक्ष प्रतिनिधि ओमी कुशवाहा, पूर्व विधान परिषद सदस्य श्यामसुंदर यादव, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा, डॉ. मनोज कुमार कुशवाहा, सब्जी मंडी व्यापारी संघ के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह टीटू सरदार, व्यापारी नेता चौधरी संजय जैन, आनंद सोनी, संजय आलिया, शंकर, सतीश रायकवार, पूर्व विधायक सतीश जतारिया, जीतू रायकवार, प्रहलाद नायक, नारायण दास कुशवाहा, पार्षद नरेंद्र बाल्मीकि, अनिकेत यादव, जनक सिंह कुशवाहा, पंडित अरविंद वशिष्ठ, चंद्र प्रकाश मिश्रा, असफान सिद्दीकी, पूर्व ब्लाक प्रमुख पंजाब सिंह यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख कैलाश यादव, शहर अध्यक्ष तनवीर आलम आदि मौजूद रहे।