रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा के सानिध्य में गूंजा—स्वच्छ, हरित झांसी का संकल्प
झांसी। नव संवत्सर के पावन और आध्यात्मिक अवसर पर झांसी में इस बार केवल नववर्ष का उत्सव नहीं मनाया गया, बल्कि संस्कृति, श्रद्धा और सामाजिक जिम्मेदारी का अद्भुत संगम देखने को मिला। जिला जनकल्याण महासमिति, झांसी एवं जे के टी नेचर केयर, झांसी के तत्वावधान में डॉ. जितेन्द्र कुमार तिवारी के मुख्य संयोजन में रानी लक्ष्मीबाई पार्क झांसी में आयोजित सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह एक जनआंदोलन का रूप लेता नजर आया।
नव संवत्सर के इस शुभ अवसर पर जहां देवी आराधना के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ, वहीं प्रकृति को भी ईश्वर का स्वरूप मानते हुए उसकी रक्षा का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि सच्ची पूजा तभी सार्थक है, जब हम अपनी धरती, जल और वायु की रक्षा का दायित्व भी निभाएं।
सायंकाल रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा के नीचे जब नागरिक एकत्र हुए, तो वातावरण भक्ति, भावना और जिम्मेदारी के भाव से ओतप्रोत हो उठा। महिलाओं, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने एक स्वर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ एवं वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन को अपनाने का संकल्प लिया। “शुभकामनाएं भी, संकल्प भी” की भावना के साथ नववर्ष का स्वागत करते हुए यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाला एक सशक्त जनजागरण अभियान बनकर सामने आया।
इस अवसर पर प्रतिबंधित पॉलिथीन प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा नागरिकों से इसके उपयोग को पूर्णतः त्यागने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंतर्गत “एक व्यक्ति – एक पौधा” अभियान के तहत पौधों का वितरण किया गया और ज़ीरो वेस्ट अवधारणा के अनुरूप पूरे आयोजन को प्लास्टिक मुक्त रखकर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
डॉ. जितेन्द्र कुमार तिवारी ने अपने उद्बोधन में भावुक शब्दों में कहा, “अगर आज हमने कचरा प्रबंधन नहीं सीखा, तो कल हमारे शहर कचरे के पहाड़ों के नीचे दब जाएंगे।” उन्होंने चेताते हुए कहा कि पॉलिथीन का अंधाधुंध उपयोग और सूखा-गीला कचरा पृथक्कीकरण की अनदेखी आने वाले समय में जल, वायु और मानव जीवन के लिए गंभीर संकट बन सकती है। उन्होंने आगे कहा, “यह केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। यदि आज हम नहीं जागे, तो कल बहुत देर हो जाएगी।” अंत में सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया गया और यह संकल्प लिया गया कि इस जनजागरूकता अभियान को निरंतर जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से रविन्द्र कुमार रावत, अजय तिवारी, डा लवीन मसीह,अनिल कुमार नायक, मोतीलाल द्विवेदी , राम नारायण शर्मा, महेश चंद्र गौतम,आर एन उपाध्याय, डा मनीष मिश्रा,पूजा गुप्ता, पंकज झा, प्रतिमा ओझा, प्रतिभा शर्मा, अंजु शर्मा, श्याम नारायण तिवारी, अशोक बिलगैंया, भावना चंदेल,रामश्री गुप्ता,मीना दुबे, करिश्मा अग्रवाल,सौरभ जेजुरकर , सिनिधि अग्रवाल, सपना शुक्ला, पूजा चौधरी, वंदना,किरन ठाकुर, राजेश साहू, सतेंद्र कुमार तिवारी, दिनेश शर्मा,एम पी द्विवेदी, आर के सहारिया, बी पी नायक, प्रभात यादव,प्रियंका शर्मा ,अनन्या शर्मा, कीर्ति गुप्ता ,निर्मला परिहार, राधिका, विंध्यवासिनी , पुष्पांजलि ओझा, रंजना शर्मा,एड शिरोमणि शर्मा, शिखा शुक्ला आदि उपस्थित रहे।














