डीआरएम के प्रयास से योग स्थल आधुनिक सुविधा युक्त हुआ, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
झांसी। रेल मंडल के रेल सुरक्षा बल (RPF) परिसर में स्थित लगभग 20 वर्ष पुराने झाड़ियों से घिरे दुर्दशा ग्रस्त योगस्थल का व्यापक रूप से उन्नयन किया गया है। इस उन्नत एवं सुसज्जित योगस्थल का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा किया गया। देखरेख के अभाव में लंबे समय से जीर्ण-शीर्ण स्थिति में रहे इस योग स्थल को अब आधुनिक सुविधाओं से लैस कर एक उपयोगी एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है।
उद्घाटन से पूर्व मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा योग स्थल पर विधिवत हवन-पूजन किया गया, जिससे इस नए स्वरूप को आध्यात्मिक वातावरण के साथ शुभारंभ किया गया। प्रारंभ में योग गुरु सेवा निवृत्त आरपीएफ कर्मी किशोरी लाल योगी ने मंडल रेल प्रबंधक सहित अतिथियों का स्वागत किया और योग स्थल की जानकारी दी।
गौरतलब है कि मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने इस कार्य में विशेष रुचि लेते हुए इसके उन्नयन को प्राथमिकता दी। उन्नयन कार्य के अंतर्गत योगस्थल पर एक नया एवं मजबूत शेड निर्मित किया गया है, जिससे किसी भी मौसम में योगाभ्यास संभव हो सके। इसके अतिरिक्त पंखों एवं समुचित प्रकाश व्यवस्था की स्थापना की गई है, जिससे दिन के साथ-साथ शाम के समय भी यहां योग गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित की जा सकें। दीवारों पर योग मुद्राएं बनाई गई हैं।
यह योगस्थल रेलकर्मियों, उनके परिजनों एवं आम नागरिकों के लिए वर्षभर उपलब्ध रहेगा। उन्नयन के पश्चात यह स्थान न केवल अधिक सुविधाजनक एवं सुरक्षित बना है, बल्कि स्वास्थ्य, योग एवं समग्र कल्याण को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हुआ है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा परिसर में पौधारोपण भी किया गया, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के महत्व का संदेश दिया गया। यह पहल न केवल स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देती है, बल्कि सतत विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन प्रेम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ मंडल अभियंता समन्वय आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधीक्षक कुलदीप स्वरुप मिश्र, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, सहायक सुरक्षा आयुक्त समेत सभी ब्रांच अधिकारी, योग गुरु किशोरी लाल योगी समेत विभिन्न योगाचार्य तथा कर्मचारी मौजूद रहे।














