फ्राड गैंग के तीन सदस्य हत्थे चढ़े, एक लाख रुपए, कंप्यूटर, सीपीयू व फर्जी दस्तावेज बरामद
झांसी। किसी दूसरे की जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर फसल बीमा की धनराशि हड़पने वाले फ्राड गैंग के तीन सदस्य आखिरकार झांसी पुलिस के हत्थे चढ़ ही गये। इन जालसाजों को थाना गरौठा और थाना प्रेमनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर इनके कब्जे से एक लाख रुपए सहित फर्ज़ीबाड़ा में प्रयुक्त कंप्यूटर, सीपीयू और फर्जी दस्तावेज भी बरामद कर लिए हैं।
आईपीएस अरीमा नोमान ने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि पिछले दिनों थाना प्रेमनगर ओर गरौठा थाना में दो अलग अलग अभियोग डिप्टी डायरेक्टर एग्रीकल्चर ने दर्ज कराये थे। इसमें किसान फसल बीमा हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर बीमा के लाखों रुपए हड़पने का उल्लेख किया गया था। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी थी।
इस प्रकरण की विवेचना के दौरान प्रकाश में आया कि इफको टोक्यो इंश्योरेंस कंपनी का कर्मचारी पारस नायक ने जिला जालौन उरई के धरगुंवा निवासी भूपेंद्र राजपूत की मुलाकात इंश्योरेंस कंपनी के जिला कॉर्डिनेटर मुकेश सिंह से कराई थी। यह तीनों ने मिल कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर किसान फसल बीमा राशि हड़प ली।
जांच पड़ताल के दौरान गरौठा पुलिस ने भूपेंद्र राजपूत और पारस नायक निवासी जिला जालौन डकोर को गिरफ्तार कर सीपीयू, कंप्यूटर, माउस, मॉनिटर बरामद कर लिए। वहीं प्रेमनगर पुलिस ने जिला जालौन के ऋतिक तिवारी उर्फ रानू को भी गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक लाख रुपए बरामद कर लिए।
पुलिस के मुताबिक यह तीनों किसानों के नाम पर फर्जी खतौनी तैयार कर दैवीय आपदा से नष्ट हुई फसल का बीमा की धनराशि हड़पते कर आपस में बांट लेते थे। इस मामले का मास्टर माइंड कंपनी का जिला कॉर्डिनेटर मुकेश कुमार सिंह अभी फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है
सांसद अनुराग शर्मा की जमीन की फर्जी खतौनी बनाने के बाद प्रकाश में आया था फर्जीवाड़ा
यह मामला उस समय प्रकाश में आया था जब झांसी ललितपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग शर्मा की जमीन की फर्जी खतौनी तैयार कर किसान फसल बीमा की धनराशि हड़पने का मामला पकड़ा गया। इसके बाद एग्रीकल्चर डिप्टी डायरेक्टर ने जांच की थी जिसमें यह साबित हुआ था कि बीमा कंपनी के कर्मचारियों की मिली भगत से फर्जी दस्तावेजों पर फर्जी कूट रचित तरीके से बीमा की धनराशि हड़पी जा रही है।
दरअसल, मौजा नयागांव तहसील व जिला झांसी के खाता 204 एवं 695 रकवा 0.158 हे० पर बृजेन्द्र कुमार शर्मा पुत्र पं० रामनारायण शर्मा आदि एवं खाता संख्या 158 गाटा संख्या 695 रकवा 0.158 हे0 पर अनुराग शर्मा पुत्र पं० विश्वनाथ शर्मा निवासी 371/12 मंगलम सिविल लाईन झांसी की बंजर भूमि पर रितिक पुत्र जितेन्द्र निवासी डकोर, तहसील उरई जनपद जालौन द्वारा भूमि संबंधित प्रपत्रों की प्रमाणिकता के बगैर प्रधानमंत्री फसल बीमा पोर्टल पर प्रपत्र अपलोड कर मौसम रबी 2024-2025 में वास्तविक भूमि धारक के फर्जी भूमि संबंधित प्रपत्र लगा कर 164386.36 रु0 की फसल क्षतिपूर्ति प्राप्त की गई। उक्त फर्जीबाड़ा पर थाना प्रेमनगर पर धारा-338/336 (3) /340(2)/318 (4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रेमनगर पुलिस ने इस मामले में वांछित अभियुक्त रितिक तिवारी उर्फ रानू नि०- ग्राम व थाना डकोर जनपद जालौन को मुखबिर की सूचना पर डगरिया तिराहा बिजौली थाना प्रेमनगर, झांसी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी द्वारा पूछताछ में बताया गया कि उसका पड़ोसी/मित्र पारस नायक पुत्र महेन्द्र नायक निवासी उपरोक्त, इफको-टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत था। उसके माध्यम से अभियुक्त की मुलाकात कंपनी के जिला कोऑर्डिनेटर मुकेश कुमार सिंह पुत्र दुरेन्द्र सिंह निवासी बिहार से कराई गई। अभियुक्तगण द्वारा आपस में मिलकर सुनियोजित ढंग से एक गिरोह बनाकर क्षेत्रीय लोगों को बहला-फुसलाकर व प्रलोभन देकर उनके बैंक एवं पहचान संबंधी दस्तावेज प्राप्त किए जाते थे। तत्पश्चात वास्तविक किसानों की खतौनी में नाम व पता परिवर्तित कर अवैध तरीके से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत आवेदन कर लाभ प्राप्त किया जाता था। साथ ही संबंधित व्यक्तियों को आंशिक धनराशि देकर शेष धनराशि आपस में बाँट ली जाती थी।














