महोबा/झांसी। उ०प्र० सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेन्स) झॉसी सेक्टर, झॉसी की ट्रैप टीम द्वारा जीतेश सोनी फैमली प्लानिंग एवं लॉजिस्टिक मैनेजर, NRHM (राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन), महोबा मूल निवासी मोहल्ला मनोहर नगर, श्रीनगर, महोबा को रु0-2,00,000-00 की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथ 19 मार्च को गिरफ्तार किया गया।
दरअसल शिकायतकर्ता द्वारा उ०प्र० सतर्कता अधिष्ठान, (विजिलेन्स) झॉसी में शिकायत की गयी कि शिकायतकर्ता द्वारा अपने स्वयं का स्थानान्तरण सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पनवाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कबरई कराये जाने हेतु मुख्य चिकित्साधिकारी, महोबा को प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। जिस पर उनके द्वारा कार्यालय में नियुक्त कर्मचारी जीतेश सोनी से मिलने के लिये कहा गया। जीतेश सोनी से मिलने पर उनके द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी, महोबा से बात कर बताने एवं एक-दो दिन का इन्तजार करने के लिये कहा गया।
दो दिन बाद जीतेश सोनी द्वारा कार्यालय बुलाकर कहा गया कि मुख्य चिकित्साधिकारी, महोबा से बात हो गई है, तुम्हें कबरई भेज दिया जायेगा, लेकिन इसके लिये रु0-3,50,000-00 (रूपये तीन लाख पचास हजार) देने होगें। रु0-2,00,000-00 स्थानान्तरण से पहले एवं रु0- 1,50,000-00 काम होने के बाद देने होगें।
शिकायतकर्ता का स्थानान्तरण सामुदायिक केन्द्र कबरई कराये जाने के एवज प्रथम किस्त के रूप में रु0-200000-00 (रूपये दो लाख) की रिश्वत की मॉग की जा रही है। शिकायतकर्ता द्वारा प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया कि वह रु0-200000-00 (रुपया दो लाख) नहीं देना चाहता है, बल्कि रंगे हाथ पकड़वाना चाहता है।
शिकायती प्रार्थना पत्र की गोपनीय जाँच करायी गयी। गोपनीय जाँच से शिकायती प्रार्थना पत्र में अंकित तथ्य सही पाये गये तथा ये भी तथ्य संज्ञान में आया कि मुख्य चिकित्साधिकारी महोबा डा० आशाराम द्वारा जीतेश सोनी के माध्यम से पैसा लेकर स्थानान्तरण कराए जाते हैं, जिसके उपरान्त 19 मार्च को उ०प्र० सतर्कता अधिष्ठान, (विजिलेन्स) झॉसी की ट्रैप टीम द्वारा जीतेश सोनी पुत्र जनार्दन सोनी, फैमली प्लानिंग एवं लॉजिस्टिक मैनेजर, महोबा को शिकायतकर्ता से रु0-2,00,000-00 (रुपये दो लाख) की रिश्वत (उत्कोच) लेते हुये रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान उसने बचने को बहुत हाथ-पैर मारे, किंतु सफलता नहीं मिली।
पकड़े गए जीतेश सोनी पुत्र जनार्दन सोनी फैमली प्लानिंग एवं लॉजिस्टिक मैनेजर, NRHM (राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन), महोबा मूल नि०-मोहल्ला मनोहर नगर, श्रीनगर, महोबा के विरूद्ध थाना कोतवाली महोबा जनपद महोबा में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराकर विधिक कार्यवाही की गई।














