– मढ़िया महादेव मन्दिर के सौन्दर्यीकरण हेतु 50 लाख रुपये स्वीकृती पर रवि ने मुख्यमंत्री का आभार जताया

झांसी। महाशिव रात्रि पर्व पर मंगलवार 01 मार्च को  झांसी में इस वर्ष भी बड़े धूमधाम से निकाली जाएगी भगवान भोले नाथ की बारात।

विधायक रवि शर्मा ने मीडिया को उक्त जानकारी देते बताया की मंगलवार, 01 मार्च 2022 को महाशिवरात्रि पर्व पर विशाल एवं भव्य शिव बारात का आयोजन किया जा रहा है। विदित हो कि वर्ष 2007 से निरन्तर झांसी में महाशिवरात्रि पर्व पर शिव बारात का आयोजन किया जा रहा है और यह सोलहवां वर्ष है। उन्होंने बताया कि 01 मार्च को प्रातः 10 बजे भव्य विशाल शिव बारात मुरली मनोहर मन्दिर, बड़ा बाज़ार, झांसी से प्रारम्भ होकर बड़ा बाजार, मालिन चौराहा, जवाहर चौक, मानिक चौक, सिन्धी तिराहा, रानी महल, मिनर्वा चौराहा, सैंयर गेट होते हुए प्राचीन मढिया महादेव मन्दिर के लिए प्रस्थान करेगी।   गौरतलब है कि झांसी की ऐतिहासिक धरोहर एवं हिन्दू आस्था का प्रमुख केन्द्र, प्राचीनतम मढ़िया महादेव मन्दिर की स्थापना गोसाईयों ने 600 वर्ष पूर्व करायी थी, समय बीतने और मन्दिर के आस-पास बस्ती बसने के साथ-साथ मन्दिर परिसर में अवैध कब्जे बढ़ते चले गये, जिससे आम लोगों को यहाँ पर आराधना, पूजार्चना एवं धार्मिक आयोजनों में दिक्कतें आने लगीं। तत्कालीन सरकारों से लगातार अनुरोध करने के बाद भी मन्दिर परिसर से अवैध कब्जों को नहीं हटाया गया, अपितु अवैध कब्जे बढ़ते ही चले गये। हिन्दू आस्था के केन्द्र पर लगातार बढ़ता अतिक्रमण चिंता का कारण बन गया। इसी चिंता को लेकर विधायक रवि शर्मा ने संकल्प लिया कि झाँसी के प्राचीनतम शिवालय मढ़िया महादेव के प्रांगण को अवैध कब्जाधारियों से मुक्त कराकर आमजनों को आराधना और धार्मिक आयोजनों के लिए सुलभ कराएंगे, जिसके लिए ही वर्ष 2007 से महाशिवरात्रि पर्व पर शिव-बारात का आयोजन कर आमजनों से संगठित होने का आह्वान किया।

शिव-बारात में हर वर्ष, हजारों की संख्या में श्रद्धालु हर-हर महादेव, बम-बम भोले का घोष करते हुए मढ़िया महादेव मन्दिर पहुँच कर शिवजी का अभिषेक करते हैं। सैकड़ों की संख्या में महिलाएँ सिर पर कलश रखकर बारात में सम्मिलित होती हैं, गाजे-बाजे डीजे, ढ़ोल नगाड़ों के साथ शिव बारात का स्वरूप नयानाभिराम होता है। नगर के प्रमुख मार्गों से युवाओं की टोलियों का नाच-गा कर निकलना वातावरण को शिवमय बना देती है।मढ़िया महादेव मन्दिर को अवैध कब्जों से मुक्त कराकर उसका जीर्णोद्वार एवं सौन्दर्यीकरण कराने के सम्बन्ध में विधानसभा में प्रश्न उठाया, हिन्दू जनास्था के केन्द्र में रख-रखाव और प्रबन्धन को सरकारी ट्रस्ट बनाने के लिए सदन में याचिका भी लगाई। उन्होंने कहा कि यह जानकारी देते हुए खुशी हो रही है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पर्यटन संवर्धन योजना के अन्तर्गत मढ़िया महादेव मन्दिर के सौन्दर्यीकरण के लिए पचास लाख रुपये स्वीकृत किये हैं। वर्तमान में मन्दिर का सौन्दर्यीकरण एवं संवर्धन का कार्य प्रगति पर है। विधायक रवि शर्मा ने कहा वह झाँसी वासियों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं।

ज्ञातव्य हो कि वर्ष 2007 में उक्त आयोजन के लिए योगी आदित्यनाथ जी को आमंत्रित किया गया, लेकिन तब भी पिछली सरकार ने उन्हें कानपुर में ही गिरफ्तार कर लिया था। समय बदला, सरकार बदली और योगी मढ़िया महादेव मन्दिर पधारे वह भी मुख्य मंत्री के रूप में। विधायक ने कहा कि यह उनके लिए हर्ष का विषय है। पत्रकार वार्ता में भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्र, देवेंद्र दुबे, भाजपा नेता अंचल अडजरिया, सौरभ शर्मा आदि उपस्थित रहे।