Oplus_0

झांसी। जिले के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के ग्राम तालौड़ निवासी लगभग सात माह की गर्भवती युवती की मोंठ सीएचसी में उपचार के दौरान मौत हो गई।

बताया गया है कि शाहजहांपुर के ग्राम तालौड़ निवासी लगभग 23 बर्षीय शिल्पी पत्नी सुनील सात माह से गर्भवती थी। गुरुवार सुबह उसके पेट में दर्द हुआ। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे मोंठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए। जहां उसे डिलीवरी वार्ड में भर्ती करा दिया गया। परिजनों ने बताया करीब 2 घंटे बाद शिल्पी को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। यह सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया गया है कि शिल्पी की शादी करीब 4 बर्ष पहले ग्राम तालौड़ निवासी सुनील पाल से हुई थी। उसका मायका ग्राम राणापुर गुरसराय में है। काफी समय से झांसी में उसका पैरालिसिस का इलाज चल रहा था। चार वर्षों में शिल्पी और सुनील की एक भी संतान नहीं थी। इस बार उन्हें उम्मीद थी, किंतु ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था। परिजनों की सूचना पर शाहजहांपुर पुलिस मौके पर पहुंची । पुलिस ने मृतका के मायके वालों को सूचित कर दिया है।