झांसी। मायके में 24 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली। मरने से पहले मृतका ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है जिसमें आत्महत्या के कारण का खुलासा किया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका 24 वर्षीय दीप शिखा का मायका झांसी में एरच थानान्तर्गत पठा गांव में है। उसके पिता महेन्द्र कुमार तहसील में चेनमैन के पद पर कार्यरत है। वर्तमान में उसके पिता और बड़ी बहन झांसी के शिवाजी नगर में किराए से रहते हैं। दीप शिखा की शादी करीब दो साल पहले जनपद जालौन के उरई कोतवाली अंतर्गत नया पटेल नगर में रहने वाले लव वर्मा के साथ हुई थी। शादी में हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया गया था। उसका पति लव वर्मा एक प्राईवेट कम्पनी में इंजीनियर था।
शादी के बाद दोनों काफी खुश थे।

शादी की खुशियों में दहेज ने ग्रहण लगा दिया। पिता महेन्द्र का आरोप है कि शादी के कुछ ही महीनों बाद से पति दीपशिखा से अतिरिक्त दहेज मांगने लगा था। मांग पूरी न होने उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। जिसकी शिकायत थाने में करते हुए मामला दर्ज कराया गया। कई बार लव को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह कुछ दिन दीप शिखा को ठीक से रखता था और फिर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।

उन्होंने बताया कि पिछले दिनों दीपशिखा की मौसी के रिश्तेदार की लड़की की शादी में उरई गई थी। जहां उसका पति लव से झगड़ा हो गया। जिस पर पति लव उसे वहीं छोड़कर आ गया था। वहां से किसी प्रकार दीप शिखा झांसी अपने मायके आ गई। जहां उसने फांसी लगा ली। समय रहते उसे देख लिया और आनन-फानन में नीचे उतारकर झांसी मेडिकल कालेज ले गए। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।