हाईवे पर ट्रक सुधारते दो मैकेनिक की मौत, बाइक में टक्कर से नन्द-भाभी, आटो सवार युवक ने दम तोड़ा

झांसी। झांसी- कानपुर हाईवे पर डायमंड सीमेंट फैक्ट्री के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक की मरम्मत में जुटे तीन लोगों को विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने रौंद दिया। इसमें दो मैकेनिक की मौत हो गई जबकि चालक की हालत गंभीर बनी है। झांसी- शिवपुरी हाईवे पर कार ने एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ननद और भाभी की मौत हो गई। जबकि भाई और भांजी की हालत गंभीर बनी हुई है।

शनिवार की रात घटित घटनाक्रम में बताया गया है कि ट्रक क्रमांक यूपी 93 ए टी 1842 कानपुर से झांसी आ रहा था। रात करीब आठ बजे ट्रक बड़ागांव थाना क्षेत्र के डायमंड सीमेंट फैक्ट्री के पास खराब हो गया। ट्रक को चालक जितेंद्र यादव निवासी बकरोली सेंदरी मप्र दो मिस्त्री के साथ सुधार रहा था। इस दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे ट्रक क्रमांक यूपी 93 ए टी 9585 ने उन्हे रौंद दिया। जिससे मौके पर मिस्त्री बृजेश निवासी दुलारा ओरिया व हाल निवासी बड़ागांव तथा नवाबाद के गोविंद चौराहा निवासी फरीद की मौके पर मौत हो गई और जितेंद्र यादव की हालत हालत गंभीर बनी है। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मेडिकल कोलेज में भर्ती करा दिया है।
झांसी- शिवपुरी हाईवे पर कार ने एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ननद और भाभी की मौत हो गई। जबकि भाई और भांजी की हालत गंभीर बनी हुई है। चारों बाइक सवार मप्र के दिनारा में परिवार में हुए कन्या भोज समारोह से सिद्धेश्वर नगर लौट से लौट रहे थे।
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत सिद्धेश्वर नगर आईटीआई निवासी वीरेंद्र अहिरवार शुक्रवार को मप्र के दिनारा में रिश्तेदारी में आयोजित कन्या भोजन समारोह में गए थे। रात तकरीबन साढ़े दस बजे वह बाइक से वापस सिद्धेश्वर नगर लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर पत्नी रजनी (24), बहन गढ़िया फाटक निवासी पंकज अहिरवार की पत्नी क्रांति (25) और बहन क्रांति की दो माह की बेटी मोनिका भी सवार थीं।

रास्ते में डेली गांव के पास हाईवे पर पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक के पीछे ऑटो में परिवार के अन्य लोग भी आ रहे थे। इससे हादसे की जानकारी होते ही परिजन तत्काल सभी को मेडिकल कॉलेज लेकर भागे। यहां उपचार के दौरान भाभी रजनी और ननद क्रांति की मौत हो गई। जबकि वीरेंद्र और दो माह की उनकी भांजी की हालत गंभीर बनी हुई है। वीरेंद्र के पैरों में बहुत चोट आई है। घटना के बाद पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार को बरामद कर लिया है।

घायल वीरेंद्र के पिता राम सिंह ने बताया कि वे मूल रूप से मप्र के दिनारा के रहने वाले हैं। पिछले 22 सालों से झांसी में रह रहे हैं। शुक्रवार को उनके भाई ननकू के यहां दिनारा में कन्या भोज का आयोजन था, जिसमें शामिल होने के लिए परिवार के सभी लोग गए थे। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी क्रांति की दो बेटियां तीन साल की खुशी और दो माह की मोनिका है। जबकि बहू रजनी का डेढ़ साल का एक बेटा डुग्गू है। हादसे से उनके परिवार, बेटी की ससुराल और दिनारा में रहने वाले भाई के परिवार में मातम पसरा है।
इसके अलावा सैंदरी मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से आटो सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि उसके तीन घायल हो गए। सैंयर गेट बाहर निवासी श्रीराम दास चौहान का पुत्र अमित (27) शुक्रवार को अपने मामा के लड़के की शादी में गुरसराय गया था। उसके साथ उसका बड़ा भाई रवि (45) और पड़ोसी राजू उर्फ मिरिंडा व नीरज भी थे। सभी ऑटो से गुरसराय गए थे। रात तकरीबन पौने ग्यारह बजे सभी लोग वहां से लौट रहे थे।
इसी बीच सेंदरी मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से अमित की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीनों घायलों को पुलिस ने अस्पताल भेजा। दुर्घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अमित आठ भाई-बहनों में सबसे छोटा था। शुक्रवार की शाम उसके भाई ऋषिराज ने फोन करके उसे रात में घर लौटने से मना भी किया था, लेकिन वो नहीं माना। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।