झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन के यार्ड में डीजल इंजन को शेड में ले जाने के लिए एसी लोको से कपलिंग जोड़ते समय गिरने से पॉइंट्स मैन की मौत हो गयी। घटना की सूचना पर डीआरएम सहित अन्य अधिकारी रैलवे अस्पताल पहुँच गये। घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है।

बताया गया कि मूल निवासी बड़ागांव वह हाल निवासी प्रेमनगर लगभग 36 वर्षीय रामस्वरूप कुशवाहा रेलवे में पॉइंट्स मैन के पद पर तैनात था। शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे झांसी यार्ड में बंद खड़े डीजल इंजन को डीजल शेड में ले जाने के लिए वह उसकी कपलिंग को एसी लोको से जोड़ रहा था। इस कार्य में उसकी मदद सहयोगी प्वाइंट्स मैन कल्याण सिंह कर रहा था।

कपलिंग जुड़ने के बाद निकलते समय वह लाइन किनारे गिरा और फिर नहीं उठ सका। यह देखकर कल्याण सिंह ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। इस पर एम्बुलेंस की मदद से अन्य कर्मचारी उसे उठा कर इलाज के लिए रेलवे अस्पताल ले गए। जहां परीक्षण उपरांत डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर डीआरएम सहित अन्य अधिकारी रैलवे अस्पताल पहुँच गये और जानकारी हासिल की।

जांच पड़ताल में मृतक के शरीर पर गम्भीर चोट के निशान नहीं मिले, जिससे मौत के कारण का स्पष्ट पता नहीं चल पाया। मौत के कारण की जांच हेतु पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। रेलवे द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।