झांसी। जनपद के टहरौली में शराबी पति ने विवाद के दौरान आवेश में आकर कुल्हाड़ी मारकर पत्नी की हत्या कर दी। हत्यारे पति ने थाने में जाकर जब पत्नी की हत्या का जुर्म कबूला तो सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई की।

बताया गया है कि समथर निवासी हरीश चंद्र का लगभग आठ वर्ष पहले टहरौली निवासी सविता से विवाह हुआ था। हरीश शराब पीने का आदी होने से घर की आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई थी। इसके कारण आए दिन पति पत्नी में विवाद होता रहता था। सविता जब भी कामकाज के सिलसिले में बाहर जाती तो हरीश उसके चरित्र पर संदेह लगा कर मारपीट करता था।

इस स्थिति के चलते लगभग 15 दिन पहले सविता को उसके मायके वाले ले गए। इस पर हरीश भी वहां पहुंच गया और शराब पीकर आए दिन झगड़ने लगा। सविता के मायके वालों ने उसे चले जाने को कहा पर वह नहीं माना। हमेशा की तरह आज हरीश शराब पीकर पहुंचा। उस समय ससुराल के लोग खेत पर गए थे। इस दौरान हरीश का सविता से पुनः विवाद हो गया और उसने आवेश में आकर कुल्हाड़ी से सविता पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो कर गिर पड़ी। यह देखकर हरीश थाने पहुंचा और घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया। इधर, गंभीर घायल सविता को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत सविता को मृत घोषित कर दिया।