– डकैती, अपहरण जैसी संगीन घटनाओं में चल रहा था फरार
झांसी। मध्य प्रदेश में डकैती अपहरण जैसी दर्जनों घटनाओं को अंजाम देकर फरार शातिर इनामिया बदमाश को मध्य प्रदेश पुलिस ने लगभग 20 वर्ष बाद आज तड़के झांसी के मेडिकल कॉलेज के पास पिछोर गुमनावारा से दबोच लिया। बदमाश नाम बदल कर पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर रह रहा था।

बताया गया है कि मध्य प्रदेश के जिला भिंड थाना मिहोना की पुलिस ने आज तड़के झांसी जिले के मेडिकल कोलेज के पीछे पिछोर गुमनावारा में दबिश देकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी का असली नाम गुड्डू उर्फ नेकसाई है। यह झांसी मेडिकल कालेज पिछोर गुमनावारा में किराए का मकान लेकर पुलिस से बचने के लिए नाम बदल कर अशोक भास्कर के नाम से रह रहा था। गुड्डू उर्फ नेक्साई उर्फ अशोक भास्कर जिला भिंड थाना मिहोना से डकैती अपहरण के मामले में फरार चल रहा था। इस पर मध्य प्रदेश से पांच हजार रुपया का इनाम भी घोषित है। इस पर दो दर्जन से अधिक गंभीर अपराधों के मुकदमे दर्ज है।

लगभग बीस वर्षों से मध्य प्रदेश पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर झांसी में नाम बदल कर रह रहे इस अपराधी पर किसी को शक भी नहीं हुआ की इतना शातिर अपराधी समाज के बीच रह रहा। साथ ही इस अपराधी ने झांसी पुलिस के किरायेदारों के सत्यापन वाले अभियान की कलई खोल कर रख दी है।