सुरक्षा की दिशा में एक और मजबूत कदम: LC गेटों पर CCTV कैमरों की स्थापना
झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में झांसी मंडल में रेल एवं सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए झांसी-कानपुर रेलखंड पर समपार फाटक संख्या 133, 137, 154 एवं 162 पर आधुनिक CCTV कैमरों की सफलतापूर्वक स्थापना की गई है।
इस पहल से इन संवेदनशील स्थानों पर 24×7 निगरानी सुनिश्चित होगी, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या सुरक्षा उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। CCTV कैमरों की स्थापना से न केवल निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि दुर्घटनाओं की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। साथ ही, यह तकनीक आपात स्थिति में त्वरित निर्णय लेने में भी सहायक सिद्ध होगी।
रेलवे द्वारा अपनाई जा रही यह आधुनिक तकनीकी पहल सुरक्षित, संरक्षित और स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे यात्रियों में सुरक्षा के प्रति विश्वास और भी मजबूत होगा तथा सड़क उपयोगकर्ताओं को भी अधिक सतर्कता एवं अनुशासन का संदेश मिलेगा।














