मंडल रेल चिकित्सालय में नशा मुक्ति शिविर का आयोजन
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में 24 मार्च को मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में डिविजनल रेलवे हॉस्पिटल के ऑडिटोरियम में नशा मुक्ति शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (प्रशासन) डॉ. सुनीता तिर्की के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश द्वारा उपस्थित कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि नशे का सबसे अधिक प्रतिकूल प्रभाव मानव शरीर के महत्वपूर्ण अंगों, विशेष रूप से किडनी पर पड़ता है, जिससे गंभीर समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं, जैसे पेट में पानी भरना (एसीटिस) एवं अन्य जटिल रोग। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि नशा कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण भी बन सकता है।
डॉ. राजेश ने नशे के सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नशे के कारण व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित होती है, जिससे गलत निर्णय लेने की संभावना बढ़ जाती है। इसके अतिरिक्त, परिवार में कलह का वातावरण बनता है तथा समाज में व्यक्ति की प्रतिष्ठा भी प्रभावित होती है।
शिविर में उपस्थित कर्मचारियों ने इस विषय पर गहरी रुचि दिखाई एवं नशा मुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कुल 27 कर्मचारियों ने शिविर में भाग लेकर इस महत्वपूर्ण जानकारी का लाभ प्राप्त किया।
रेल प्रशासन द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन समय-समय पर किया जाता रहेगा, जिससे कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं सामाजिक जीवन को बेहतर बनाया जा सके।












