बुविवि में विद्यार्थियों का समग्र विकास वर्तमान शिक्षा परिवेश एवं शिक्षाविदों की भूमिका पर हुआ संवाद कार्यक्रम

झांसी। आज बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी के गांधी सभागार में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के मुख्य आतिथ्य में विद्यार्थियों का समग्र विकास वर्तमान शिक्षा परिवेश एवं शिक्षाविदों की भूमिका विषय पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार उन्मुख न होकर व्यक्ति के सम्पूर्ण विकास के लिए होना चाहिए।

श्री उपाध्याय ने कहा कि विचारों के मंथन से अमृत निकलता है इसलिए यह संवाद कार्यक्रम बहुत ही सहायक है। उन्होंने कहा कि नकल की एक ऐसी परम्परा चल पड़ी है अब वह नासूर की तरह हो गई है। जब तक इसे ठीक नहीं किया जाएगा देश और समाज का विकास नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा को संस्कार से जोड़ना बहुत जरूरी है। संस्कार विहीन शिक्षा समाज और देश का विकास नहीं कर सकता है।

श्री उपाध्याय ने कहा कि जो जिम्मेदारी समाज ने हमें एक शिक्षक, मंत्री या जिस भी क्षेत्र में हैं उसे सही तरीके से निभाएं तो हम देशभक्ति और राष्ट्रवाद के चरम पर हैं। उन्होंने कहा कि यह कहना कि छात्र कल के नागरिक हैं यह गलत है। विद्यार्थी आज के नागरिक हैं क्योंकि वह हर चीज से प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में जो सुधार शिक्षक, विद्यार्थी या सामान्य जन चाहते हैं, वह मुझे भेज सकते हैं। उस पर अमल किया जाएगा।

इस अवसर पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो मुकेश पाण्डेय ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय हमेशा से नवाचारों को बढ़ावा देता रहा है। क्षेत्र में नकल विहीन परीक्षा को संचालित करने के लिए विश्वविद्यालय हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का यह मंदिर क्षेत्र के विकास के लिए कृत संकल्पित है।

विशिष्ट अतिथि प्रांत के सर कार्यवाह अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि मनुष्य का निर्माण बचपन से ही शुरू हो जाता है। एक व्यक्ति को सम्पूर्ण विकास के तीन चरणों से गुजरना पड़ता है। परिवार, समाज और शिक्षा यह तीन जगह ही वह है जहां देश का निर्माण होता हैं। लेकिन समय के साथ ही शिक्षा के क्षेत्रों को धन का क्षेत्र बना दिया गया है। सेवा का क्षेत्र धन का क्षेत्र बन जाना बहुत ही दुखद है। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट मिशाल कायम करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी वसी मोहम्मद,  कुलसचिव विनय कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर के साथ ही समस्त शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।