झांसी। जनपद में कोतवाली गरौठा थाना क्षेत्रान्तर्गत सुभाषनगर में पत्नी तीन दिन से लापता पति को खोजने निकली थी तभी घर में देवर ने फांसी लगाकर जान दे दी। बंद कमरे में फंदे पर शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। देवर ने किन कारणों से खुदकुशी की स्पष्ट नहीं हो सका है।

बताया गया है कि जिला हमीरपुर के थाना चिकासी गांव जिगनी व हाल निवासी सुभाषनगर गरौठा वृन्दावन यादव पुत्र भरोसे यादव अपने भाई भान सिंह, भाभी अनीता देवी के साथ रह कर मजदूरी करता था। 22 अप्रैल को कुछ अज्ञात लोग भान सिंह को मजदूरी करने की कह कर ले गए थे, फिर वह घर नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद मंगलवार को गरौठा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई गई थी। मंगलवार की देर शाम अनीता पति को खोजने गई थी तभी वृन्दावन ने घर में छत के कुंदे से रस्सी के सहारे फांसी का फंदा बनाया और झूल गया। जब अनीता घर पहुंची तो उसकी कोई आहट न होने से शंका हुई। उसने कमरे में झांककर देखा तो दंग रह गई। वृंदावन का शव फांसी पर लटक रहा था।

फांसी की खबर से आसपास हड़कंप मच गया। सूचना पर सीओ गरौठा आभा सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गरौठा ललितेश नारायण त्रिपाठी ने पुलिस बल के साथ घटना स्थल का जायजा लिया। ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से उताकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, किंतु आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। वृंदावनअ विवाहित था और भाई के साथ मजदूरी करता था।