झांसी। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की अध्यक्षता में आयोजित उत्सव / स्वागत समारोह में मंडल के विभिन्न विभागों को प्राप्त शील्ड एवं सम्मान चिन्हों का प्रदर्शन किया गया, जिससे मंडल की उत्कृष्ट उपलब्धियों को एक मंच पर प्रस्तुत किया जा सके।
समारोह के दौरान सभी विभागों द्वारा प्राप्त उपलब्धियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने विभागवार प्रदर्शन का अवलोकन करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, मेहनत एवं टीमवर्क की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियाँ मंडल के सभी कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम हैं और भविष्य में भी इसी उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए नई ऊँचाइयों को प्राप्त किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने-अपने विभाग की उपलब्धियों एवं अनुभवों को साझा किया। इस अवसर ने न केवल पिछले कार्यों की समीक्षा का अवसर प्रदान किया, बल्कि आगे की कार्ययोजना के लिए भी प्रेरणा दी।
अंत में मंडल रेल प्रबंधक ने सभी विभागों को बधाई देते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने का आह्वान किया। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।












