झांसी। रेल मंडल के अंतर्गत ऑपरेशन “अमानत” के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा एक उल्लेखनीय एवं प्रशंसनीय कार्यवाही करते हुए गाड़ी संख्या 11807 झाँसी–आगरा पैसेंजर के जनरल कोच में छूटे महिला यात्री के बैग को बरामद कर सुरक्षित रूप से उसे वापस किया गया। इसमें 10.50 लाख रुपये के सोने के आभूषण रखे थे।
26 मार्च को प्रातः लगभग 08:50 बजे मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 11807 झाँसी–आगरा पैसेंजर के जनरल कोच में एक महिला यात्री का बैग छूट गया है, जिसमें कीमती सोने के आभूषण रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही तत्परता दिखाते हुए आरपीएफ मुरैना द्वारा महिला यात्री से संपर्क स्थापित किया गया। महिला ने घबराहट की स्थिति में बताया कि उसका लाइट आसमानी रंग का बैग ट्रेन के आगे वाले जनरल कोच में रह गया है।
इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए निरीक्षक, आरपीएफ पोस्ट मुरैना के निर्देशन में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ — उप निरीक्षक शिवदान, प्रधान आरक्षक कदम सिंह एवं आरक्षक जयदेव सिंह — द्वारा गाड़ी के मुरैना स्टेशन पहुंचने पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। लोको पायलट से समन्वय कर ट्रेन को कुछ अतिरिक्त समय तक रोका गया तथा महिला यात्री से वीडियो कॉल के माध्यम से बैग की पहचान कराई गई।
तलाशी के दौरान आगे से दूसरे जनरल कोच में महिला द्वारा बताए गए विवरण के अनुरूप बैग बरामद किया गया। कोच में मौजूद अन्य यात्रियों से पूछताछ करने पर बैग का कोई दावा नहीं किया गया, जिसके बाद बैग को सुरक्षित रूप से आरपीएफ पोस्ट मुरैना में जमा किया गया। बाद में लगभग 13:00 बजे संबंधित महिला यात्री पोस्ट पर उपस्थित हुईं। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के साथ डबरा से ग्वालियर यात्रा कर रही थीं और अत्यधिक भीड़ के कारण उनका बैग ट्रेन में ही छूट गया था।
बैग की जांच के दौरान उसमें रखे लगभग 07 तोला सोने के आभूषण — 09 अंगूठियां, 04 चूड़ियां, 02 जोड़ी टॉप्स, 01 हार, 01 मंगलसूत्र एवं 01 जोड़ी बालियां — जिनकी अनुमानित कीमत ₹10,50,000/- (दस लाख पचास हजार रुपये) है, सुरक्षित पाए गए। पूर्ण संतुष्टि के उपरांत बैग को विधिवत महिला यात्री को सुपुर्द किया गया।
अपने खोए हुए कीमती गहनों की सुरक्षित प्राप्ति पर महिला यात्री ने आरपीएफ स्टाफ के त्वरित एवं सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया तथा उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की। यह घटना रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता, तत्परता एवं यात्रियों की सुरक्षा एवं संपत्ति संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।












